सोनौली नगर पंचायत में मनोनीत सभासदों का हंगामा, विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप
सोनौली नगर पंचायत में हंगामा
महराजगंज :: बुधवार दोपहर को आदर्श नगर पंचायत सोनौली के कार्यालय में उस समय हलचल मच गई जब उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मनोनीत सभासद रवि वर्मा, प्रेम जायसवाल और हरिनारायण लोधी एक साथ पहुंचे। इन सभासदों ने वरिष्ठ लिपिक संजय श्रीवास्तव पर विकास प्रस्तावों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
सभासदों का कहना है कि उन्होंने नगर की सड़क और नाली निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पहले ही प्रस्तुत किए थे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पंचायत प्रशासन बिना किसी सूचना के केवल चुनिंदा सभासदों के साथ बैठकें कर रहा है, जबकि मनोनीत सभासदों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है।
इसके अलावा, सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें नगर में टैक्सी स्टैंड की नीलामी जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी नहीं दी गई। इस पर उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त की और पारदर्शिता पर सवाल उठाए।
लगभग एक घंटे तक नगर पंचायत कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती रही, जिससे वहां भीड़ जमा हो गई।
इस दौरान, वरिष्ठ लिपिक संजय श्रीवास्तव ने सभासदों को आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा और आवश्यक विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।
अब यह देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन अपने वादे पर कितना खरा उतरता है या मनोनीत सभासदों का विरोध और बढ़ता है।
रिपोर्टर विजय चौरसिया की रिपोर्ट