स्विट्जरलैंड में नए साल के जश्न के दौरान बार में विस्फोट, कई लोगों की जान जाने की आशंका
क्रैंस मोंटाना में हुआ भीषण हादसा
क्रैंस मोंटाना: नए साल का जश्न मनाने के दौरान स्विट्जरलैंड में एक दुखद घटना घटी। गुरुवार को प्रसिद्ध लक्जरी अल्पाइन स्की रिजॉर्ट शहर क्रैंस मोंटाना में एक बार में जोरदार धमाका हुआ, जिससे कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
दक्षिण-पश्चिमी स्विट्जरलैंड की वालिस पुलिस के प्रवक्ता गैटन लैथियन ने जानकारी दी कि यह घटना तड़के लगभग 1:30 बजे हुई। धमाका 'ले कॉन्स्टेलेशन' नामक बार में हुआ, जो पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। उस समय बार में बड़ी संख्या में लोग नए साल का जश्न मना रहे थे, तभी अचानक विस्फोट ने सब कुछ तबाह कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि "धमाका अज्ञात कारणों से हुआ है। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं और कुछ की मौत की भी खबर है।" स्विस मीडिया में प्रकाशित तस्वीरों में घटनास्थल पर आग की लपटें दिखाई दे रही हैं। मौके पर बड़ी संख्या में इमरजेंसी गाड़ियां, एंबुलेंस और पुलिस बल तैनात हैं। प्रशासन ने बचाव अभियान तेज कर दिया है और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।