हरियाणा में बारिश का दौर: दो मौसमी चक्र सक्रिय, भारी बारिश की चेतावनी
बारिश का सिलसिला जारी
आज और कल बारिश की संभावना, अगस्त में कमजोर पड़ सकता है मानसून
हरियाणा मौसम (चंडीगढ़): वर्तमान में हरियाणा में दो मौसमी चक्र सक्रिय हैं, जिनके कारण प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार को मानसून ने फिर से सक्रियता दिखाई, जिसके बाद कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। यह बारिश मंगलवार को भी जारी रही। भारतीय मौसम विभाग ने 29 और 30 जुलाई को भी मौसमी गतिविधियों के जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पंजाब में चक्रवात बन रहा है, जिससे राजस्थान से गुजरने वाली मानसून टर्फ हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली पर सक्रिय है.
जिलावार मौसम की स्थिति
इस मौसमी प्रभाव के चलते 30 जुलाई तक उत्तरी पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, करनाल, पानीपत और सोनीपत जैसे पूर्वी जिलों में मूसलधार बारिश हो सकती है। मध्यवर्ती और दक्षिणी जिलों जैसे रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। कई जिलों में नमी वाली हवाओं के कारण सोनीपत, नूंह, करनाल, महेंद्रगढ़ और हिसार में हल्की बारिश हुई है.
गर्मी से मिलेगी राहत
सोमवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला अगले दो से तीन दिन तक जारी रहने की उम्मीद है। यदि ऐसा होता है, तो तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 25 जुलाई तक हरियाणा में 132.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 175.4 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। इस अवधि में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वर्तमान में केवल छह जिलों में सामान्य या सामान्य के आसपास वर्षा हुई है, जबकि 16 जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले चार दिनों में अच्छी बारिश से वर्षा की कमी में सुधार हो सकता है.