हरियाणा में बारिश का पूर्वानुमान: 9 जिलों में येलो अलर्ट
मारकंडा नदी का तटबंध टूटने से प्रभावित गांव
हरियाणा मौसम अपडेट, चंडीगढ़: मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में राज्य में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ जिलों में तेज और अन्य में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज, 9 जिलों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। ये जिले हैं: पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल।
इन क्षेत्रों में बारिश के कारण नदियों के जल स्तर में वृद्धि हो सकती है, जिससे स्थानीय निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इस मौसम में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जिसमें यमुनानगर में सबसे अधिक 800 एमएम से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि सिरसा में सबसे कम बारिश हुई है।
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर के लिए ऑरेंज अलर्ट
23 अगस्त को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर में 50 से 75 प्रतिशत बारिश की संभावना है। वहीं, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में 75 से 100 प्रतिशत बारिश की संभावना है।
24 अगस्त को पूरे हरियाणा में बारिश
24 अगस्त को हरियाणा के सभी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, कैथल, जींद और रोहतक में 50 से 75 प्रतिशत बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में 75 से 100 प्रतिशत बारिश की संभावना है। 16 जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
25 अगस्त को बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 25 अगस्त के लिए भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, जींद और कैथल में 50 से 75 प्रतिशत बारिश की संभावना है। वहीं, अन्य जिलों में 75 से 100 प्रतिशत बारिश की संभावना है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल और पानीपत में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गांव कंथला में फसल का नुकसान
कुरुक्षेत्र के गांव कंथला में मारकंडा नदी का तटबंध टूटने से 150 एकड़ में खड़ी धान की फसल डूब गई। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। नदी किनारे के खेतों में 10 फुट तक पानी भर गया है।
शाहाबाद में डीसी विश्राम मीणा ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। कर्मचारी ग्रामीणों के सहयोग से तटबंध को बांधने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण समस्या आ रही है।
गांवों के लिए हेल्पलाइन नंबर
शाहाबाद तहसील से फील्ड कानूनगो नवीन कुमार (8295550002), तहसील ऑफिस कानूनगो (9812646467) और एसडीएम कार्यालय के स्टेनो सुनील कुमार (9017535006) का नंबर जारी किया गया है।
गांव मलिकपुर, गुमटी और बाजीगर कॉलोनी के लिए सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक दर्शन सिंह (8708266540), दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक स्वर्णजीत (7015248271) और रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक प्रिंस (9034914337) की ड्यूटी रहेगी।