हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट: जानें किन जिलों में हो सकती है तबाही
21 से 23 जुलाई तक भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट
Himachal Weather, शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है। पिछले सप्ताह मानसून के चलते कई स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं हुई थीं। हालांकि, कुछ दिनों से प्रदेशवासियों को राहत मिली थी, लेकिन अब भारतीय मौसम विभाग ने नई चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 23 जुलाई के बीच राज्य के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इस पूर्वानुमान के मद्देनजर, येलो और आॅरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं। विशेष रूप से 21 से 23 जुलाई तक मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट रहेगा, जिससे भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़कें बंद होने का खतरा है।
प्रदेश में अभी भी 50 सड़कें बंद
गुरुवार शाम तक प्रदेश में 50 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं, और चार बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा। हालांकि, गुरुवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा, जिससे मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में उमस और गर्मी का अनुभव हुआ।
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट
आईएमडी शिमला द्वारा जारी ताजा बुलेटिन में 18 जुलाई के लिए मंडी और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद, 19 जुलाई को चंबा, शिमला, मंडी और कांगड़ा जिलों में आॅरेंज अलर्ट है। 20 जुलाई को भी चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी और कांगड़ा जिलों में आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 21 से 23 जुलाई के दौरान मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद, प्रदेश के सभी जिलों के स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।