×

2026 हॉकी विश्व कप: भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में

हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 15 अगस्त से शुरू होगा, जिसमें भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। इस बार टूर्नामेंट की मेज़बानी नीदरलैंड्स और बेल्जियम करेंगे। भारतीय पुरुष और महिला टीमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। जानें ग्रुप डिटेल्स और टूर्नामेंट की अन्य महत्वपूर्ण जानकारी।
 

हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन

नई दिल्ली: हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 15 अगस्त से शुरू होगा, जबकि फाइनल 30 अगस्त को खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट की मेज़बानी नीदरलैंड्स और बेल्जियम द्वारा की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए ग्रुपों की घोषणा कर दी है।


भारतीय पुरुष और महिला टीमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करने में सफल रही हैं। पुरुष वर्ग में भारत को पूल-डी में पाकिस्तान, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है। यह जानकारी 17 मार्च को एम्स्टर्डम के वैगनर स्टेडियम में हुई ड्रॉ सेरेमनी में दी गई। भारतीय पुरुष टीम अपने सभी मैच नीदरलैंड्स में खेलेगी। मैचों का विस्तृत शेड्यूल 18 मार्च को जारी होने की उम्मीद है।


डिफेंडिंग चैंपियन जर्मनी को पूल-बी में बेल्जियम, फ्रांस और मलेशिया के साथ रखा गया है। जर्मनी ने 2023 में भुवनेश्वर में हुए फाइनल में बेल्जियम को हराकर तीसरी बार खिताब जीता था।


भारत और पाकिस्तान के बीच विश्व कप इतिहास में अब तक 5 मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें भारत ने 3 और पाकिस्तान ने 2 मैच जीते हैं। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2010 में नई दिल्ली में हुई थी, जिसमें भारत ने 4-1 से जीत हासिल की थी।


पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 – ग्रुप


पूल A: नीदरलैंड्स, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड, जापान
पूल B: बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस, मलेशिया
पूल C: ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका
पूल D: इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान, वेल्स


महिला वर्ग में भी भारतीय टीम को पूल-डी में जगह मिली है, जहां उसका मुकाबला चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका से होगा।


महिला हॉकी विश्व कप 2026 – ग्रुप


पूल A: नीदरलैंड्स, ऑस्ट्रेलिया, चिली, जापान
पूल B: अर्जेंटीना, जर्मनी, अमेरिका, स्कॉटलैंड
पूल C: बेल्जियम, स्पेन, न्यूजीलैंड, आयरलैंड
पूल D: चीन, इंग्लैंड, भारत, दक्षिण अफ्रीका


यह टूर्नामेंट एक बार फिर दुनिया की शीर्ष टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा का गवाह बनेगा, जिसमें भारत से भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।