अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, कार्यकर्ताओं को दी नई साल की शुभकामनाएं
समाजवादी पार्टी का नववर्ष समारोह
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में नववर्ष के तीसरे दिन भी उत्साह के साथ सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता विभिन्न जिलों से आए और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को नए साल की बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ और बुके भेंट किए।
इस अवसर पर, अखिलेश यादव ने सभी को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से हर वर्ग परेशान है। हर विभाग में लूट और मुनाफाखोरी चल रही है। यूरिया खाद से लेकर धान खरीद में कालाबाजारी हो रही है। भाजपा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा को बर्बाद कर दिया है। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और दुग्ध उत्पादकों को दूध का सही दाम नहीं मिल रहा है। बिचौलिए मुनाफा कमा रहे हैं और सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें एकजुट होकर काम करना है और जनता के बीच रहकर भाजपा की नाकामियों को उजागर करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मामले में विफल हो चुकी है और बजट को लेकर जनता को गुमराह नहीं होना चाहिए। भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है, जिसे हराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 2026 में मेहनत से 2027 में सफलता प्राप्त होगी। भाजपा जनता को धोखा देने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर वर्ग का सम्मान होगा और प्रदेश का विकास होगा। किसानों और गांवों के लिए फैसले लिए जाएंगे, युवाओं को रोजगार मिलेगा और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। अन्याय और अत्याचार पर रोक लगेगी। इस अवसर पर कई प्रमुख नेता भी उपस्थित थे, जिनमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, विधायक फरीद किदवई और अन्य शामिल थे।