अनिल विज के स्वास्थ्य की जानकारी लेने पहुंचे नेता और समर्थक
अनिल विज के आवास पर नेताओं का जमावड़ा
चंडीगढ़ - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज के अंबाला छावनी स्थित निवास पर शनिवार को उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी उनके घर आए और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली, साथ ही जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इस अवसर पर, सिविल सेवा परीक्षा में 243वीं रैंक प्राप्त करने वाले अंबाला छावनी के निवासी मुकुल जिंदल ने भी अनिल विज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। मुकुल के पिता सुमित जिंदल और अन्य परिवार के सदस्य भी वहां मौजूद थे। स्वतंत्रता सेनानी के प्रपौत्र मुकुल की इस सफलता पर अनिल विज ने उन्हें लड्डू खिलाकर बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि पूरे अंबाला और हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। मुकुल ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की है।
इसके अलावा, अंबाला फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी विज के आवास पर जाकर उनका हालचाल लिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान बीएस बिंद्रा, अरुणकांत, अरविंद और केपी सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।
पूर्व श्रम मंत्री अनूप धानक, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल और भाजपा नेता पदम ढुल समेत कई अन्य नेताओं ने भी अनिल विज से मुलाकात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इस मौके पर संत विकासदास महाराज ने उनकी प्रशंसा करते हुए पंक्तियां गुनगुनाईं कि अनिल विज फिर से तेरी मेहनत रंग लाएगी।