×

अनुराग ठाकुर ने बिहार में आरजेडी पर साधा निशाना, कहा जंगलराज की वापसी नहीं होने देंगे

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के संदर्भ में आरजेडी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि आरजेडी का महागठबंधन बिहार में जंगलराज की वापसी चाहता है। ठाकुर ने जनता से एनडीए के प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की और बिहार में सुशासन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आरजेडी के शासनकाल में महिलाओं और उद्योगों पर हुए अत्याचारों का जिक्र किया। ठाकुर ने बिहार को फिर से अंधेरे में जाने से रोकने का संकल्प लिया।
 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी

औरंगाबाद/ कैमूर- पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज औरंगाबाद और मोहनिया में आयोजित बाइक रैली और युवा चौपाल में भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आरजेडी और उनके महागठबंधन का लक्ष्य बिहार में मंगलराज की जगह जंगलराज की वापसी है। ठाकुर ने कहा कि जब भी आरजेडी की सरकार बनी, तबाही ही हुई है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से एनडीए के प्रत्याशी को भारी मतों से जीताने की अपील की।


अनुराग ठाकुर ने कहा, "एनडीए सरकार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार में सुशासन और जनकल्याण की दिशा में काम किया है। बिहार की जनता जानती है कि जब भी राजद सत्ता में आई, तब तबाही ही लाई। 2005 में जब हमारी सरकार बनी, तो हमने लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के जंगलराज के सभी अपराधियों को जेल में डाल दिया। कुछ लोग बिहार को फिर से जंगलराज की ओर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।"


उन्होंने आगे कहा, "आरजेडी के शासन में अपराधियों को मुख्यमंत्री कार्यालय से संरक्षण मिलता था। महिलाओं की सुरक्षा खतरे में थी और उद्योग धंधे बंद हो रहे थे। क्या हम बिहार को फिर से उस खौफनाक युग में लौटने देंगे?" उन्होंने यह भी कहा कि लालू प्रसाद यादव के परिवार ने गरीबों और पिछड़ों का शोषण किया है।


ठाकुर ने कहा, "लालटेन राज में महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बाढ़ के समय गर्भवती महिलाएं अस्पताल नहीं पहुंच पाती थीं। डबल इंजन की सरकार के आने के बाद कानून का राज लौटा है, जिससे आज लड़कियां बेखौफ होकर बाहर निकल रही हैं।" उन्होंने सभी से अपील की कि बिहार को फिर कभी अंधेरे में नहीं जाने देंगे।