अनुराग ठाकुर ने हिमाचल के लिए भाजपा शासित राज्यों की सहायता पर जताया आभार
हिमाचल में प्राकृतिक आपदा के बीच सहायता की सराहना
शिमला - पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के संदर्भ में भाजपा शासित राज्यों से मिली सहायता के लिए वहां की जनता और मुख्यमंत्रियों का धन्यवाद किया। उन्होंने इसे मानवता की एक सच्ची मिसाल बताया।
अनुराग ठाकुर ने कहा, “देवभूमि हिमाचल अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल का दौरा किया और पीड़ितों की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की। यह देखकर खुशी होती है कि भाजपा की कई राज्य सरकारें हिमाचल की आपदा में मदद के लिए आगे आई हैं। बाढ़, बारिश और भूस्खलन की त्रासदी से जूझ रहे हिमाचल के लिए यह सहायता हमें आपदा के दर्द से उबरने और पीड़ितों की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेगी। संकट के समय में एकजुटता दिखाना मानवता की सच्ची मिसाल है, और इसके लिए मैं हरियाणा, उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा की जनता और उनके मुख्यमंत्रियों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 5 करोड़ रुपये की धनराशि और 8 ट्रक राहत सामग्री हिमाचल भेजी। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आपदा राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की सहायता और कई ट्रक राहत सामग्री भेजी। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी 5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद के साथ राहत सामग्री भेजकर हिमाचल के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाई है। मैं हिमाचल प्रदेश की ओर से इन सभी मुख्यमंत्रियों का धन्यवाद करता हूं।”