अनुराग ढांडा ने भूपेंद्र हुड्डा को भाजपा का गुड्डा बताया
भूपेंद्र हुड्डा पर अनुराग ढांडा का हमला
- सीएम नायब सिंह ने भूपेंद्र हुड्डा को राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करवाने का इनाम दिया: अनुराग ढांडा
- भाजपा के हाथ में हुड्डा की चाबी, जहां भाजपा कहती है वोट देते हैं कांग्रेसी विधायक: अनुराग ढांडा
- कांग्रेस को वोट देने का मतलब भाजपा को मजबूत करना, जब तक भूप्पी, तब तक बीजेपी : अनुराग ढांडा
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा पर तीखा हमला करते हुए उन्हें 'भाजपा का गुड्डा' करार दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को 2016 और 2022 के राज्यसभा चुनावों की घटनाएं याद हैं, जब कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या होने के बावजूद भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राज्यसभा में पहुंच गए। इस बार भी वही स्थिति देखने को मिल रही है।
ढांडा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने भूपेंद्र हुड्डा को 16.50 लाख रुपये का इनाम दिया है, जो दर्शाता है कि भाजपा और कांग्रेस के बीच एक बार फिर राजनीतिक समझौता हुआ है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस जनता के सामने विरोध का नाटक करती हैं, जबकि असलियत में दोनों पार्टियां एक-दूसरे को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का काम करती हैं। राज्यसभा चुनाव इसका एक बड़ा उदाहरण है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि सीएम नायब सिंह द्वारा भूपेंद्र हुड्डा की सरकारी कोठी का 16.50 लाख रुपये का पेनल रेंट माफ करने पर हुड्डा को खरी खोटी सुनाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने भाजपा को जीत दिलाने में मदद की है।
उन्होंने कहा कि जब तक हरियाणा में हुड्डा जैसे नेता विपक्ष में रहेंगे, तब तक भाजपा की सरकार बनी रहेगी।
अनुराग ढांडा ने भूपेंद्र हुड्डा पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा कांग्रेस की लीडरशिप पूरी तरह से भाजपा के इशारों पर चलने वाली कठपुतली बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई विधायक वही वोट करते हैं, जहां भाजपा चाहती है, जिससे बार-बार ऐसे नतीजे सामने आते हैं जो जनता के जनादेश के विपरीत होते हैं।
अनुराग ढांडा ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा पर कई गंभीर मामले चल रहे हैं, जिससे वे भाजपा सरकार के सामने मजबूरी में झुकते दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन कांग्रेस पिछले लंबे समय से किसी भी बड़े मुद्दे पर सड़कों पर संघर्ष करती दिखाई नहीं देती।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा की जनता को अब यह समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस को वोट देने का मतलब भाजपा को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ही हरियाणा में एक मजबूत और ईमानदार विकल्प के रूप में सामने आई है, जो भ्रष्टाचार और राजनीतिक सौदेबाजी के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है।
ढांडा ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में हरियाणा की जनता भाजपा और कांग्रेस की इस अंदरूनी राजनीति को पूरी तरह नकार देगी।