अमित शाह की मुलाकात से नशा मुक्ति की दिशा में उम्मीदें बढ़ीं
गृह मंत्री की संवेदनशीलता पर प्रकाश
होशियारपुर: पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पंजाब के मानसा जिले में दिवंगत परमिंदर झोटा के परिवार से मिलने और उनके प्रति संवेदना व्यक्त करने की सराहना की। खन्ना ने कहा कि गृह मंत्री का यह कदम दर्शाता है कि केंद्र सरकार पंजाब के लोगों के प्रति संवेदनशील है और उनके दुःख-सुख में हमेशा साथ खड़ी है।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना अत्यंत आवश्यक है। परमिंदर झोटा का मामला नशे की समस्या और इससे जुड़े सामाजिक मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित करता है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री का पीड़ित परिवार से मिलना न केवल उन्हें संबल प्रदान करता है, बल्कि नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई की आवश्यकता को भी उजागर करता है।
खन्ना ने बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति या परिवार को प्रभावित नहीं करता, बल्कि यह पूरे समाज और प्रदेश के भविष्य पर असर डालता है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए पंजाब के नागरिकों को मोदी सरकार का सहयोग करना होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता पर विश्वास जताया कि पंजाब में नशामुक्ति के सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। खन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब को नशामुक्त, सुरक्षित और खुशहाल बनाने के लिए वचनबद्ध है।