अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता में तनाव बढ़ा
परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका-ईरान के बीच खींचतान
अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रही खींचतान एक बार फिर से बढ़ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि वह ईरान के साथ हाल की वार्ता के परिणामों से संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह कूटनीतिक प्रयासों को और समय देने के पक्ष में हैं, ताकि पश्चिम एशिया में एक और विनाशकारी युद्ध से बचा जा सके।
ट्रंप ने जिनेवा में अमेरिकी प्रतिनिधियों और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता के बेनतीजा रहने के एक दिन बाद यह बयान दिया। क्षेत्र में अमेरिकी सेनाओं की तैनाती के बीच, ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक समझौते के लिए सहमत न होने पर सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। ईरान का कहना है कि उसे शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम संवर्धन करने का अधिकार है और वह लगातार यह इनकार करता रहा है कि वह परमाणु हथियार बना रहा है।
व्हाइट हाउस से बाहर निकलते समय ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, 'जो हमें चाहिए, वे देने को तैयार नहीं हैं और इससे मैं नाखुश हूं। देखते हैं क्या होता है। हम बाद में बात करेंगे।' उन्होंने यह भी कहा, 'हम उनके बातचीत करने के तरीके से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। वे परमाणु हथियार नहीं बना सकते।'
टेक्सास दौरे के दौरान, ट्रंप ने कहा कि ईरानी वार्ताकार 'पर्याप्त प्रगति नहीं करना चाहते। यह बहुत बुरा है।' उन्होंने दोहराया कि वह ईरान को किसी भी मात्रा में यूरेनियम संवर्धन की अनुमति नहीं देना चाहते और कहा कि तेल समृद्ध देश को ऊर्जा कार्यक्रम के लिए यूरेनियम संवर्धन की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या वह सैन्य हमले के बारे में जल्दी फैसला लेंगे, तो उन्होंने कहा, 'ये मैं आपको क्यों बताऊं।' ट्रंप ने कहा, 'जोखिम हमेशा रहता है। आप जानते हैं, जब युद्ध होता है तो काफी जोखिम होते हैं।'
विशेषज्ञों की राय
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप 'मैक्सिमम प्रेशर' (अधिकतम दबाव) की नीति का पालन कर रहे हैं। एक ओर सैन्य हमले की धमकी और दूसरी ओर बातचीत के लिए समय देना, ईरान को एक ऐसी संधि के लिए मजबूर करने का प्रयास है जो अमेरिका की शर्तों पर आधारित हो।