अमेरिका में भारतीय वकील पर फर्जी शरण दावों के लिए 4.7 लाख डॉलर का जुर्माना
फर्जी शरण दावों का मामला
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, 30 जुलाई: अमेरिका ने एक भारतीय मूल के वकील पर अपने ग्राहकों की ओर से झूठे शरण दावे दाखिल करने के आरोप में 4.7 लाख अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया है। यह जानकारी अमेरिकी गृह मंत्रालय (डीएचएस) ने एक बयान में दी। अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) की गृह सुरक्षा जांच (एचएसआई) इकाई ने बताया कि वकील सूरज राज सिंह ने शरण मांगने से संबंधित 54 आव्रजन मामलों में 118 झूठे दस्तावेज तैयार किए और उन्हें दाखिल किया।
डीएचएस के जनरल काउंसल जेम्स पर्सिवल ने कहा, 'हमने स्पष्ट किया है कि यदि आव्रजन वकील अपने ग्राहकों के लिए धोखाधड़ी करते हैं, तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। इस सप्ताह, हमने सूरज राज सिंह को 4,70,000 डॉलर से अधिक के जुर्माने का नोटिस जारी किया है। सिंह ने 118 फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए।' बयान में यह भी कहा गया कि शरण दावों के समर्थन में सिंह ने विदेशी नागरिकों के ऐसे बयानों को दाखिल किया, जिनकी विषय-वस्तु एक जैसी या लगभग समान थी।
बयान में यह भी उल्लेख किया गया कि इन दस्तावेजों में कथित उत्पीड़न से संबंधित तथ्यात्मक विवरण और समर्थन में दिए गए ब्योरे भी लगभग समान पाए गए।