अमेरिकी सांसदों ने भारत के यूपीआई मॉडल को पेमेंट सुधारों में किया उल्लेख
अमेरिका में पेमेंट सिस्टम पर चर्चा
वाशिंगटन: अमेरिका के सांसदों ने अपने देश के पेमेंट सिस्टम के भविष्य पर चर्चा करते हुए भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) को एक सफल उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि कैसे एक आधुनिक सार्वजनिक भुगतान ढांचा निजी क्षेत्र के नवाचार को प्रोत्साहित कर सकता है। फिनटेक कंपनियों ने कांग्रेस से अमेरिका के पेमेंट नेटवर्क के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव की मांग की।
हाउस फाइनेंशियल सर्विसेज कमेटी की फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन्स पर सुनवाई के दौरान भारत का उदाहरण दिया गया। अमेरिकी सीनेटरों ने यह जानने की कोशिश की कि क्या अमेरिका को अपने नियामक ढांचे को आधुनिक बनाना चाहिए ताकि योग्य नॉन-बैंक पेमेंट कंपनियों को पारंपरिक बैंकिंग मध्यस्थों पर निर्भर रहने के बजाय फेडरल रिजर्व के पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीधी पहुंच मिल सके।
स्ट्राइप की उपाध्यक्ष एलीन ओमारा ने सीनेटरों को बताया कि जिन देशों ने पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर तक पहुंच प्रदान की है, वहां नवाचार में वृद्धि हुई है। उन्होंने ब्राजील और भारत का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा, "ब्रिटेन ने 2017 में ऐसा किया, जबकि यूरोपीय संघ 2024 में ऐसा करने जा रहा है, और इसके परिणाम स्पष्ट हैं। भारत में यूपीआई के साथ भी हमने इसी तरह के बड़े पैमाने पर नवाचार देखे हैं।"
हालांकि अमेरिका में फेडनाउ इंस्टेंट पेमेंट सिस्टम मौजूद है, लेकिन इसमें एक उत्पाद स्तर की कमी है, जो स्ट्राइप जैसी कंपनियों द्वारा विकसित की जा सकती है। इसमें सीधी पहुंच होनी चाहिए ताकि इसे बड़े पैमाने पर अपनाया जा सके।
कांग्रेस की सदस्य रशीदा तलीब ने भारत की डिजिटल पेमेंट प्रणाली की सफलता पर जोर दिया। यूपीआई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसे नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित किया जाता है और यह हर महीने अरबों लेनदेन को संभालता है।
ओमारा ने बताया कि मौजूदा नियामक ढांचा इस आधार पर बनाया गया है कि कोई संस्था "बैंक है या नहीं", जबकि भुगतान कंपनियां एक अलग कारोबारी मॉडल पर काम करती हैं।
उन्होंने कहा, "हम न तो लोगों की जमा राशि स्वीकार करते हैं और न ही ऋण देते हैं। हमारी मांग है कि जिस प्रकार का कार्य हम करते हैं, यानी भुगतान प्रसंस्करण, उसी के अनुरूप हमारा नियमन किया जाए।"
नेशनल कम्युनिटी रीइन्वेस्टमेंट कोएलिशन की तारा फ्लिन ने कानून निर्माताओं से कहा कि बैंकिंग और पेमेंट सिस्टम का एक्सेस पाने वाले किसी भी नॉन-बैंक को मजबूत उपभोक्ता सुरक्षा, सामुदायिक निवेश की जिम्मेदारियों और सख्त नियामक पर्यवेक्षण के अधीन होना चाहिए।
इस सुनवाई में वाशिंगटन में इस बात पर बहस हुई कि पारंपरिक बैंकिंग सुरक्षा उपायों को कमजोर किए बिना अमेरिका के पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को कैसे आधुनिक बनाया जाए।
दोनों पार्टियों के सदस्यों ने इस बात पर सहमति जताई कि जैसे-जैसे डिजिटल वाणिज्य बढ़ रहा है, तेज और अधिक कुशल भुगतान की आवश्यकता बढ़ती जा रही है, लेकिन फेडरल रिजर्व के पेमेंट सिस्टम तक पहुंच बढ़ाने के मुद्दे पर उनके विचार भिन्न थे।