आजम खान ने समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र पर व्यक्त की अपनी भावनाएं
आजम खान का भावुक संबोधन
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्थित होटल सेंट्रम में समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र के विमोचन के अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आजम खान ने कहा कि सलाम, एक आधा जिंदा आदमी आपके सामने खड़ा है। उन्होंने अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि मुझसे कोई गलती हो जाए तो कृपया माफ करें। इस पांच साल की कैद ने मेरे दिल और दिमाग पर गहरा असर डाला है। आम इंसान होता तो शायद अब तक मर चुका होता, लेकिन मैं एक मजबूत इंसान हूं और कुछ कर के ही मरूंगा। उन्होंने बाराबंकी के एक शायर खुमार साहब का जिक्र करते हुए कहा कि हमने उन्हें खोजा।
आत्मालोचना और शायरी का जिक्र
आजम खान ने अपने लंबे राजनीतिक जुड़ाव पर आत्मालोचना करते हुए कहा कि हम उन कुछ बेवकूफ लोगों में से हैं, जिन्होंने एक ही परिवार के लिए अपना आधा जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि मैं आधी सदी तक उनके साथ रहा और अपनी अगली पीढ़ी को भी उनके हवाले कर दिया।
आजम खां ने शायरी पढ़कर सुनाया अपना दर्द
अपने संबोधन में आजम खान ने शायरी के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि-
“मुझको शिकस्त-ए-दिल का मज़ा याद आ गया,
तुम क्यों उदास हो गए, क्या याद आ गया।
कहने को ज़िंदगी थी बहुत मुख़्तसर मगर,
कुछ यूं बसर हुई कि ख़ुदा याद आ गया।”
ओवैसी पर कटाक्ष
आजम खान ने ओवैसी पर साधा निशाना- कुछ लोग न खुद कुछ बन सकते हैं, न किसी को बना सकते हैं
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने अपने भाषण में असदुद्दीन ओवैसी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग न तो खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी को कुछ बना सकते हैं, लेकिन वे किसी सरकार के गठन को प्रभावित कर सकते हैं।
आजम खान ने कहा कि अखिलेश यादव आज पार्टी का चुनावी घोषणापत्र पेश करेंगे। उन्होंने इसे भविष्य के हिंदुस्तान का प्रतीक बताते हुए कहा कि इसमें कुछ भी स्थायी नहीं है और जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आपको परेशान कर रहे हैं और मैं चाहता हूं कि वे अपनी बीमारी से दूर रहें।