आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव के लिए उम्मीदवारों की नई सूची जारी की
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है, जिसमें 31 नाम शामिल हैं। पहली सूची में 40 विधायकों के नाम पहले ही घोषित किए जा चुके थे। इस नई सूची में 21 उम्मीदवार उन सीटों के लिए हैं, जहां पार्टी पिछली बार जीत नहीं पाई थी। उल्लेखनीय है कि पंजाब की 117 सीटों में से आप ने 92 पर जीत हासिल की थी, जबकि 25 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।
पार्टी ने अपने तीन लोकसभा सांसदों में से दो को विधानसभा चुनाव में उतारने का निर्णय लिया है। संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से और होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है। चब्बेवाल के विधायक बेटे इशांक चब्बेवाल को पहले ही टिकट मिल चुका है। पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित 40 विधायकों को टिकट दिया गया था। अब तक कुल 71 उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है।
दूसरी सूची में एक मंत्री और सात विधायकों की टिकट काट दी गई है। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां की लांबी विधानसभा सीट से टिकट वापस ले लिया गया है। 2022 के चुनाव में उन्होंने पांच बार के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को हराया था। अब उनकी जगह उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा को टिकट दिया गया है। इसके अलावा, खरड़ से विधायक और पंजाबी अभिनेत्री अनमोल गगन मान समेत सात विधायकों को भी टिकट नहीं दी गई।
जिन्हें टिकट नहीं मिली है उनमें बठिंडा देहात से अमित रतन कोटफत्ता, पट्टी से जेल में बंद विधायक लालजीत भुल्लर, जालंधर सेंट्रल से रमन अरोड़ा, शुतराणा से कुलवंत बाजीगर, चमकौर साहिब में डॉ. चरणजीत सिंह और अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप शामिल हैं। कुंवर पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पिछली बार चुनाव लड़े छह उम्मीदवारों को फिर से टिकट दी गई है। दो विधायकों सर्वजीत कौर माणूके और अमनदीप गोल्डी मुसाफिर को फिर से टिकट मिली है। इसके अलावा, अमृतसर के राजासांसी से अभिनेत्री सोनिया मान को भी टिकट दिया गया है।