उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी पर बाबा महाकाल का अद्भुत हरिहर मिलन
महाकालेश्वर मंदिर में वैकुंठ चतुर्दशी का उत्सव
उज्जैन - वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार रात बाबा महाकाल की भव्य सवारी निकाली गई। सोमवार सुबह भस्म हरिहर मिलन आरती का आयोजन किया गया। मध्यरात्रि का यह दृश्य अद्भुत था, जब भगवान भोलेनाथ पालकी में बैठकर गोपाल मंदिर पहुंचे।
मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी से लेकर देवप्रबोधिनी एकादशी तक चार महीने सृष्टि का संचालन भगवान महाकाल करते हैं। वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान विष्णु को पुनः सृष्टि का भार सौंपा जाता है। इस अवसर पर भगवान महाकाल को तुलसी की माला और वैष्णव तिलक अर्पित किया जाता है, जबकि भगवान विष्णु को बेलपत्र की माला भेंट की जाती है।
मंदिर के एक पुजारी ने बताया, "वैकुंठ चतुर्दशी भगवान शिव और विष्णु के मिलन का दिन है। इस दिन भगवान शिव स्वयं विष्णु के दरबार में जाते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि देवउठनी एकादशी के दिन फिर से बाबा महाकाल सृष्टि का भार भगवान विष्णु को सौंपकर कैलाश लौट जाते हैं।
बाबा महाकाल की यात्रा के लिए भव्य तैयारी की गई थी, जिसमें रंगोली बनाई गई थी। रंगोली में लिखा गया था, 'सृष्टि का भार आपके हाथ', जो इस बात का प्रतीक था कि बाबा महाकाल ने भगवान विष्णु को सृष्टि का भार सौंप दिया है। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, "समस्त श्रद्धालुओं को 'हरिहर मिलन' की हार्दिक शुभकामनाएं। उज्जैन में इस पावन पर्व पर बाबा महाकाल और भगवान श्रीहरि विष्णु का मिलन सनातन संस्कृति का प्रतीक है।"
सीएम ने आगे कहा, "धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी की मध्यरात्रि में बाबा महाकाल मोरपंख धारण कर श्री गोपाल मंदिर पहुंचते हैं और भगवान विष्णु को पुनः सृष्टि के संचालन का दायित्व सौंपते हैं।"
मुख्यमंत्री ने एक और पोस्ट में लिखा, "ॐ श्री महाकालेश्वराय नमः। 23 नवंबर 2026 को भगवान श्री महाकालेश्वर जी की प्रातःकालीन भस्म आरती, हरिहर मिलन आरती एवं शृंगार दर्शन का आयोजन होगा।"