उत्तर प्रदेश में मां पर चार बच्चों की हत्या का आरोप, पुलिस तलाश में जुटी
अंबेडकरनगर में दिल दहला देने वाली घटना
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। यहां एक महिला पर अपने चार छोटे बच्चों की हत्या का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि उसके पति ने विदेश में दूसरी शादी कर ली थी और वह चार साल से घर नहीं लौटे, जिससे महिला में तनाव बढ़ गया था। घटना के बाद महिला फरार हो गई है, जबकि पुलिस उसकी खोज में लगातार छापेमारी कर रही है।
पति की दूसरी शादी से बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, महरुआ थाना क्षेत्र के कसड़ा गांव के निवासी नियाज (37) सऊदी अरब में काम करते हैं। चार साल पहले उन्होंने अपनी पत्नी गासिया खातून (34) के नाम पर एक मकान बनवाया था, जहां गासिया अपने चार बच्चों—शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान उर्फ सादिया (8) के साथ रहती थी।
पुलिस जांच में पता चला है कि नियाज ने विदेश में रहते हुए एक पाकिस्तानी महिला से दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद से गासिया और नियाज के बीच विवाद बढ़ गया था। नियाज चार साल से घर नहीं लौटे थे, जिससे गासिया मानसिक तनाव में थी।
बंद घर में मिले चार बच्चों के शव
शनिवार सुबह लगभग 7:30 बजे दूधवाला घर पहुंचा, लेकिन दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। उसे लगा कि परिवार सो रहा होगा, इसलिए वह लौट गया। दोपहर तक जब बच्चों से संपर्क नहीं हो पाया, तो नियाज ने अपनी भाभी बकीतुनिशा को घर जाकर हाल जानने के लिए कहा। जब भाभी वहां पहुंचीं, तो घर अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
करीब तीन बजे पुलिस मौके पर पहुंची। मुख्य दरवाजा बंद था, इसलिए पुलिस ने पहली मंजिल की बालकनी से घर में प्रवेश किया। कमरे में पहुंचते ही पुलिस के होश उड़ गए—तख्त पर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े थे।
हत्या से पहले जहर देने की आशंका
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि कमरे की दीवारों और बिस्तर पर खून के छींटे फैले हुए थे। बच्चों के उल्टी करने के निशान भी मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्हें खाने में जहरीला पदार्थ दिया गया था। इसके बाद सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या की गई। हालांकि, मौके से ऐसा कोई हथियार नहीं मिला है।
बालकनी से भागने की आशंका
जिस मकान में यह घटना हुई, उसके मुख्य दरवाजे से लगभग आठ फीट ऊपर बालकनी है। पुलिस को संदेह है कि गासिया ने हत्या के बाद इसी बालकनी से कूदकर फरार हुई। नीचे खून के निशान और महिला की टूटी हुई चूड़ियों के टुकड़े भी मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने सभी जरूरी सैंपल जुटाए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या महिला ने अकेले यह वारदात की या किसी और की भी इसमें भूमिका थी।
मायके पक्ष से पूछताछ, पुलिस की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम ईशा प्रिया और एसपी प्राची सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने गासिया के मायके में दबिश देकर उसके परिजनों को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
देर शाम नियाज के भाई सलीम ने गासिया के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। आरोप लगाया गया कि उसने पहले बच्चों को विषाक्त पदार्थ दिया और फिर उनकी बेरहमी से हत्या की। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की छह टीमें आरोपी महिला की तलाश में जुटी हैं। एसपी प्राची सिंह ने कहा, “प्रथम दृष्टया यही सामने आ रहा है कि महिला ने ही अपने चारों बच्चों की हत्या की और फिर बालकनी से कूदकर फरार हो गई। हर पहलू से जांच की जा रही है।”