उत्तर प्रदेश में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा: तीन गिरफ्तार
लखनऊ में रिश्वतखोरी का मामला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के अवर अभियंता दिनेश कुमार, सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और श्रवण कुमार को 7.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है।
एक शिकायतकर्ता ने बताया कि वह एक भवन का निर्माण करवा रहा था, तभी एलडीए के अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा वहां पहुंचे और काम रोकने का आदेश दिया। इस बीच, श्रवण कुमार ने आईजीआरएस पर शिकायत होने का हवाला देते हुए 15 लाख रुपये की मांग की। उसने यह भी कहा कि पैसे देने के बाद कोई कार्रवाई नहीं होगी।
आरोप है कि इसके बाद दिनेश कुमार वर्मा और चंद्र प्रकाश ने भी 15 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने दो किस्तों में पैसे देने की बात कही और इसके बाद सतर्कता अधिष्ठान को इसकी सूचना दी।
शिकायत के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने जांच शुरू की, जिसमें आईजीआरएस पर की गई शिकायत झूठी पाई गई। शनिवार को शिकायतकर्ता से 7.50 लाख रुपये लेते समय तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।