कर्नाटक में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को बनाए रखने का लिया निर्णय
कर्नाटक में कांग्रेस का निर्णय
नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को बनाए रखने का निर्णय लिया है। मंगलवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की पार्टी आलाकमान के साथ हुई बैठक में यह जानकारी दी गई। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पद पर कोई चर्चा नहीं हुई। बैठक में राज्यसभा चुनाव, ग्रेटर बेंगलुरू नगर निगम चुनाव और विधान परिषद चुनाव के साथ संगठन के मुद्दों पर चर्चा की गई।
सिद्धारमैया और शिवकुमार को दिल्ली बुलाए जाने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन कांग्रेस ने इन सभी अटकलों को खारिज कर दिया है।
कर्नाटक में ढाई साल के बाद सत्ता परिवर्तन के कथित समझौते के कारण शिवकुमार समर्थक पिछले साल से ही मुख्यमंत्री बदलने की मांग कर रहे थे। लेकिन अब इस पर विराम लग गया है। मंगलवार की बैठक में सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ चर्चा हुई।
बैठक के बाद कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यह मीटिंग केवल राज्यसभा चुनाव पर चर्चा के लिए थी। मीडिया से बात करते हुए वेणुगोपाल और सुरजेवाला ने कर्नाटक मंत्रिमंडल में बदलाव पर कोई टिप्पणी नहीं की। केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'आज राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ विस्तृत चर्चा हुई। राज्यसभा और एमएलसी चुनाव पर चर्चा हुई। बाकी अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है।' मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि कैबिनेट विस्तार का एजेंडा चर्चा में नहीं आया।