कांग्रेस का अयोध्या में चढ़ावा चोरी के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस ने रोका
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
लखनऊ। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में सांसद और अन्य नेता राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय का घेराव करने पहुंचे, लेकिन उन्हें रास्ते में ही रोक दिया गया। पुलिस ने अजय राय को गेस्ट हाउस में नजरबंद कर दिया। कांग्रेस नेता इस मामले की जांच उच्च न्यायालय के मौजूदा जज से कराने की मांग कर रहे थे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार की रात अयोध्या पहुंचे थे, जहां उन्हें एक होटल में नजरबंद किया गया। बाद में उन्हें कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में ले जाया गया। कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पूनिया और उज्जवल रमण सिंह को भी हाउस अरेस्ट किया गया।
कांग्रेस नेताओं का उद्देश्य ट्रस्ट कार्यालय का घेराव करना था। पुलिस की मौजूदगी में, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर साढ़े 12 बजे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें मंदिर से एक किलोमीटर पहले टेढ़ी बाजार में रोक दिया। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें हिरासत में लिया और वहां से दूर ले जाया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर तानाशाही और दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'मुझे आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस के कमरे में बंद कर दिया गया है। मुझे प्रभु श्रीराम के दर्शन करने से रोका जा रहा है। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। एक तरफ गैर कांग्रेसी नेताओं को बुलाकर वीआईपी दर्शन कराए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ मुझे और कांग्रेस के अन्य नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।' उनका इशारा अरविंद केजरीवाल की ओर था, जिन्होंने हाल ही में रामलला के दर्शन किए हैं। अजय राय ने कहा कि वे बिना मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दर्शन किए वापस नहीं जाएंगे।