×

कांग्रेस का महंगाई और कानून व्यवस्था पर प्रदर्शन, जालंधर में केंद्र सरकार का पुतला जलाया

कांग्रेस ने जालंधर में महंगाई और कानून व्यवस्था के खिलाफ एक जोरदार प्रदर्शन किया, जिसमें केंद्र सरकार का पुतला जलाया गया। विधायक परगट सिंह ने बढ़ती कीमतों और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने जनता को जुमलों से सावधान रहने की सलाह दी और पंजाब में भाईचारक सांझ बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रदर्शन में अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।
 

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का विरोध

महंगाई और कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हल्ला बोल, जालंधर में केंद्र सरकार का पुतला फूंका


परगट सिंह ने चेताया- जनता को जुमलों से सावधान रहना होगा, पंजाब में भाईचारक सांझ बनाए रखना समय की जरूरत


गैस सिलेंडर की कीमतों ने होटल कारोबारियों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों का निकाला कचूमर


जालंधर: बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज जालंधर के डीसी दफ्तर के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका।


प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के सीनियर नेता और विधायक परगट सिंह ने कहा कि पिछले चार महीनों में देश के हालात चिंताजनक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद में पहले ही चेताया था कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी आम जनता की कमर तोड़ देगी, लेकिन केंद्र सरकार ने जनता की परेशानियों को नजरअंदाज किया। लेकिन पीएम मोदी और अमित शाह कहते रहे कि सब ठीक है। ऐसी कोई परेशानी नहीं आएगी।


उन्होंने कहा कि जब पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार थी, तब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी स्तर पर थीं, लेकिन उस समय आम लोगों पर इतना बोझ नहीं डाला गया। आज हालात यह हैं कि पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों ने होटल कारोबारियों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों का कचूमर निकाल दिया है।


पिछले 11 दिन में पेट्रोल-डीजल के दामों में चौथी बार बढ़ौतरी कर दी गई है। आगे भी यह सिलसिला थमने वाला लगता नहीं है। जबकि तेल कंपनियां लगातार प्रोफिट में हैं। उसके बावजूद उनका घाटा पूरा करने की बात करके तेल के दाम बढ़ाकर लोगों पर बोझ डाला जा रहा है।


परगट सिंह ने कहा कि जब गैस सिलेंडर के दाम 400 रुपए थे, तब भाजपा नेता स्मृति ईरानी विरोध प्रदर्शन करते हुए नहीं थकती थी, लेकिन वे लोग आज चुप बैठे हैं, जबकि अब कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतें आसमान छू रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल जुमलेबाजी में लगी हुई है।


पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए परगट सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी चुकटले बहुत सुनाते हैं। लेकिन उनको पंजाब के बिगड़ी कानून व्यवस्था दिखाई नहीं देती है। राज्य में हर रोज हत्या और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने हाल ही में अमृतसर में एक थानेदार की हत्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब में लोगों की जान-माल की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।


परगट सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में पंजाब को भाईचारक सांझ और सामाजिक एकता की सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और पंजाब को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ लोगों को एकजुट करें। उन्होंने कहा कि जनता को अब जुमलों और झूठे वादों से सावधान रहना होगा।


इस मौके पर कांग्रेस जिला प्रधान शहरी राजिंदर बेरी ने भी लगातार बढ़ाई जा रही तेल कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को तेल के रेट बढ़ाने के लिए बहाना चाहिए था, उसी के तहत उन्होंने लगातार चौथी बार दाम बढ़ा कर लोगों की कमर तोड़ दी है।


विधायक बाबा हैनरी ने भी कहा कि केंद्र सरकार ने कुछ समय में ही देश को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। पेट्रोल और डीजल पर आए दिन की जा रही बढ़ौतरी से न केवल ट्रांसपोर्ट महंगी हुई है, बल्कि हर चीज पर इसका असर पड़ा है। महंगाई की मार से कोई भी बच नहीं पा रही है।