कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति के विवादास्पद बयान की निंदा की
उपराष्ट्रपति का बयान विवाद का कारण
लखनऊ। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा संविधान की प्रस्तावना में 'समाजवाद' और 'धर्मनिरपेक्षता' को 'नासूर' कहे जाने पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. सीपी राय ने इसे न केवल शर्मनाक, बल्कि संविधान और जनता का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि ये शब्द 1976 में 42वें संशोधन के तहत संसद और विधान सभाओं के समर्थन से जोड़े गए थे, जो भारत के सामाजिक न्याय और धार्मिक सद्भाव का आधार हैं।
डॉ. राय ने यह भी कहा कि उपराष्ट्रपति का ऐसा बयान उनके पद की गरिमा को कम करता है और संविधान की आत्मा पर हमला है। उन्होंने इसे आरएसएस और भाजपा की उस साजिश का हिस्सा बताया, जो देश को विभाजित करने और संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या धनखड़ को अपने पद की गरिमा का ध्यान है? यदि नहीं, तो उन्हें इस पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। यह पहली बार नहीं है जब धनखड़ ने संवैधानिक मुद्दों पर सवाल उठाए हैं। अब संविधान की प्रस्तावना पर हमला करके वे स्पष्ट रूप से संवैधानिक मूल्यों को चुनौती दे रहे हैं। यह निंदनीय है।
कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति से तुरंत माफी मांगने और अपने आचरण पर विचार करने की मांग की है। यदि वे संविधान की शपथ का सम्मान नहीं कर सकते, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
डॉ. राय ने कहा कि यह बयान उस समय आया है जब आरएसएस और भाजपा के नेता भी इसी तरह के मुद्दे उठा रहे हैं। यह स्पष्ट है कि भाजपा अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। 'अच्छे दिन' का वादा और 2 करोड़ नौकरियों का दावा सब जुमले साबित हुए हैं। अब संविधान पर हमले के जरिए ये लोग जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं, लेकिन जनता अब इनके झांसे में नहीं आएगी।
डॉ. राय ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान के मूल्यों, समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता के साथ मजबूती से खड़ी है। हम उपराष्ट्रपति, सरकार और आरएसएस से पूछते हैं कि जनता के असली मुद्दों पर आपने क्या किया है? उत्तर प्रदेश और देश के हर नागरिक को जवाब चाहिए। हम डॉ. बी.आर. आंबेडकर के संविधान की रक्षा के लिए हर लड़ाई लड़ेंगे और देश को बांटने की साजिशों को नाकाम करेंगे।