कांग्रेस ने हरियाणा में पांच विधायकों को निलंबित किया
हरियाणा में कांग्रेस का बड़ा कदम
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई कथित क्रॉस वोटिंग के मामले में कांग्रेस ने गुरुवार को पांच विधायकों को पार्टी से निलंबित करने का निर्णय लिया है। निलंबित विधायकों में शैली चौधरी, रेनू बाला, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद इसराइल और जरनैल सिंह शामिल हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि नारायणगढ़, सढौरा, रतिया, पुनहाना और हथीन विधानसभा क्षेत्रों से चुने गए ये विधायक पार्टी के खिलाफ गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के बाद की गई है।
राव नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि इन विधायकों ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया, जो अनुशासनहीनता का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन को सर्वोपरि माना जाता है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह निर्णय सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि पार्टी के सामूहिक निर्णयों के खिलाफ किसी भी गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा में सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव में एक-एक सीट पर जीत हासिल की। भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर बौद्ध ने ये सीटें जीतीं। इस चुनाव के दौरान वोटिंग की गोपनीयता के उल्लंघन और क्रॉस वोटिंग की शिकायतें भी आईं।
भाजपा समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा। कुल 88 विधायकों ने मतदान किया, जबकि इंडियन नेशनल लोकदल के दो विधायक अर्जुन चौटाला और आदित्य देवीलाल वोटिंग से दूर रहे।