कांग्रेस हाईकमान का सख्त निर्देश: सीट बंटवारे पर नेताओं की टिप्पणी पर रोक
कांग्रेस नेताओं को सीट बंटवारे पर टिप्पणी करने से रोका गया
कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया है कि वे सीट बंटवारे पर कोई टिप्पणी न करें।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के संदर्भ में, कांग्रेस हाईकमान ने सपा-कांग्रेस गठबंधन के बारे में पार्टी नेताओं की टिप्पणियों पर सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी नेता सीट बंटवारे पर बात न करे।
इससे पहले, मंगलवार रात को कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने तीखी टिप्पणी की थी, और अब कांग्रेस सांसद राजेंद्र पाल गौतम ने भी समाजवादी पार्टी (SP) को कुछ सलाह दी है।
बुधवार को राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “समाजवादी पार्टी को अपने उम्मीदवारों की घोषणा में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए थी। जब सपा ने अपनी सूची जारी की, तब भी बातचीत चल रही थी। हमें सम्मानजनक संख्या में सीटें चाहिए, तीन अंकों से कम की संख्या हमें मंजूर नहीं है।” इमरान मसूद की नाराजगी पर गौतम ने कहा कि उनकी चिंताएं उचित हैं, क्योंकि वे सहारनपुर के सांसद हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि सभी को मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
क्या बोले थे इमरान मसूद?
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा पर कड़ी आपत्ति जताई है। इससे पहले, बैठकों के दौरान उन्होंने कांग्रेस की ओर से इन दो सीटों पर अपना दावा पेश किया था। इन सीटों पर सपा द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद, मसूद ने कहा कि वे समाजवादी पार्टी से “भीख नहीं मांग रहे हैं।”
‘सपा का ये रवैया बिल्कुल भी स्वीकार नहीं’
अखिलेश यादव द्वारा कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने की खबरों पर इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस ने सपा से सीटों की ऐसी कोई मांग नहीं की थी, फिर भी एकतरफा घोषणा कर दी गई। मसूद ने कहा, “हम भिखारी नहीं हैं। ऐसा लगता है कि अखिलेश यादव कांग्रेस को भिखारियों की तरह देखते हैं। अगर ऐसा ‘तानाशाही’ रवैया अपनाया जाता है, तो मुझ जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति के लिए यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं होगा।”
सपा की घोषणा से चौंकी कांग्रेस
बता दें कि दोनों दलों के बीच हुई एक बैठक में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 130 सीटों की एक सूची सौंपी, जबकि सपा की ओर से 26 सीटें देने की बात चल रही थी। हालांकि दोनों दलों के बीच बातचीत अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है, लेकिन सपा ने बातचीत जारी रहने के दौरान ही पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करके कांग्रेस को चौंका दिया।