केजरीवाल को मिली बड़ी राहत, कोर्ट ने शराब नीति मामले में बरी किया
दिल्ली कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को कथित शराब नीति घोटाले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उन्हें इस मामले में बरी कर दिया है। इस फैसले के बाद, केजरीवाल ने अपने आवास से पार्टी कार्यालय तक एक रोड शो किया, जहां उन्होंने समर्थकों का अभिवादन करते हुए गदा थाम रखी थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि, आज कोर्ट और जज साहब ने एक ऐतिहासिक निर्णय सुनाया है, जिसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूँ। इस संघर्ष में अभिषेक मनु सिंघवी और अन्य वकीलों के साथ-साथ देश की जनता ने हमारा समर्थन किया, जिसके लिए मैं सभी का धन्यवाद करता हूँ। पिछले चार वर्षों से ED और CBI का गलत इस्तेमाल करके एक झूठा शराब घोटाला बनाया गया था। आज कोर्ट ने यह तय किया कि इस मामले में मुकदमा चलाया जाए या नहीं, और उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला इतना फर्जी है कि इसमें मुकदमा भी नहीं चलाया जा सकता।
केजरीवाल ने आगे कहा कि, नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने देखा कि वे दिल्ली में मुझे नहीं हरा सकते, इसलिए उन्होंने मेरी ईमानदारी को नुकसान पहुँचाने के लिए एक साजिश की। आज के कोर्ट के फैसले ने साबित कर दिया है कि मैं, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आम आदमी पार्टी पूरी तरह से ईमानदार हैं। अब मोदी और शाह को देश से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि, मैंने हर काम पूरी ईमानदारी से किया है, फिर भी इनकी साजिश के कारण मुझे जेल में डाल दिया गया। मैं ऐसा राजनेता नहीं हूँ। मेरे जेल जाने से मेरे परिवार पर असर पड़ता है। इसके साथ ही, केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि, दिल्ली की स्थिति कितनी खराब हो गई है। मैंने सरकार में रहते हुए पांच हजार स्कूल बनाए हैं, जबकि बीजेपी केवल पांच सौ स्कूल बनाकर दिखा दे। आज दिल्ली की सड़कों की हालत कितनी खराब है, हर जगह गड्ढे हैं। मैंने जितना काम दिल्ली के लिए किया है, आप उतना कर दें, आपको मुझे जेल में डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।