×

कॉकरोच जनता पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की, संगठन विस्तार की योजना

कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है, जिसमें नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने संगठन के विस्तार की योजना बनाई है, जिसमें अगले छह महीनों में राज्य समन्वय समितियों और लोकसभा स्तर की इकाइयों का गठन शामिल है। जानें किसे कौन सा पद मिला और पार्टी की आगे की रणनीति क्या है।
 

कॉकरोच जनता पार्टी की नई कार्यकारिणी

छत्रपति संभाजीनगर - कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपनी पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन करते हुए प्रमुख पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की है। पार्टी ने बताया कि यह कदम देशभर में संगठन के विस्तार और अपने निर्धारित रोडमैप को लागू करने के लिए उठाया गया है।


पार्टी द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 30 वर्षीय अभिजीत दिपके को संस्थापक एवं राष्ट्रीय संयोजक के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, 30 वर्षीय आशुतोष रांका और 27 वर्षीय सौरव दास को राष्ट्रीय सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 35 वर्षीय अजिंक्य शिंदे को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी और 26 वर्षीय दीपक बलियान को संगठन सह-प्रभारी बनाया गया है। 34 वर्षीय आफरीन नवाज को राष्ट्रीय सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। विभिन्न प्रकोष्ठों के लिए भी जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया है। विजय रेड्डी मल्लांगी को मीडिया प्रमुख, रत्ना सिंह को विधिक मामलों की प्रमुख, वैष्णवी गौर को अनुसंधान एवं नीति प्रमुख, रोहन देशपांडे को प्रौद्योगिकी प्रमुख और योगेश इंगले को वित्त प्रमुख नियुक्त किया गया है।


क्षेत्रीय संगठन को सशक्त बनाने के लिए पार्टी ने चार जोनल प्रभारियों की भी नियुक्ति की है। दीपक बलियान को उत्तर क्षेत्र, विजय रेड्डी मल्लांगी को दक्षिण क्षेत्र, अंकित भारद्वाज को पूर्व एवं उत्तर-पूर्व क्षेत्र और योगेश इंगले को पश्चिम क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि अगले छह महीनों में कॉकरोच जनता पार्टी राज्य समन्वय समितियों के साथ-साथ लोकसभा और शहर स्तर की समन्वय इकाइयों का गठन करेगी। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि आज घोषित सूची के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को पार्टी का पदाधिकारी नियुक्त नहीं किया गया है।