चंडीगढ़ में AAP का मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
भाजपा सरकार पर आम आदमी पार्टी का हमला
चंडीगढ़: भाजपा सरकार, जो खुद को "डबल इंजन" बताती है, अब आम जनता के लिए "ट्रबल इंजन" बन गई है। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और शहर में गैस सिलेंडर की कमी के मुद्दे पर, आम आदमी पार्टी (आप) ने आज चंडीगढ़ में सेक्टर-17 प्लाज़ा (नीलम सिनेमा के सामने) में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में आप कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या शामिल हुई, जिन्होंने "नरेंद्र मोदी ने किया सरेंडर, गायब हुआ गैस सिलेंडर" जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गूंजायमान कर दिया।
आप नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो नेता विपक्ष में रहते हुए 400 रुपये के सिलेंडर पर सड़कों पर बैठकर विरोध करते थे, वे अब 1000 रुपये से अधिक के सिलेंडर पर चुप्पी साधे हुए हैं। मोदी सरकार ने आम जनता की थाली और महिलाओं के घरेलू बजट पर सीधा हमला किया है। महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है, और अब जानबूझकर गैस की सप्लाई में कमी की जा रही है, जिससे पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया जा सके।
आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि यह प्रदर्शन केवल एक शुरुआत है। यदि गैस सिलेंडर की कीमतों पर तुरंत नियंत्रण नहीं किया गया और सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर इस आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में पूर्व मेयर कुलदीप कुमार, काउंसलर हरदीप सिंह, जनरल सेक्रेटरी सन्नी औलख, अंजू कट्याल, योगेश ढींगरा, जसबीर सिंह लाडी, शादाब राठी, ललित मोहन, मेवा राम और स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए. तंवर भी शामिल थे। बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।