चन्द्रगुप्त मौर्य की जयंती पर उप मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
चन्द्रगुप्त मौर्य की जयंती पर श्रद्धांजलि
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग पर मौर्य साम्राज्य के संस्थापक चक्रवर्ती सम्राट चन्द्रगुप्त मौर्य की जयंती के अवसर पर उनके स्मृति-चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सम्राट चन्द्रगुप्त मौर्य ने अपने अद्वितीय साहस, दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता के माध्यम से विभाजित भारत को एकजुट कर एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखी। उनका प्रेरणादायक जीवन आज भी हमें राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि चन्द्रगुप्त मौर्य ने अपने उत्कृष्ट रणनीतिक कौशल और अपराजेय साहस से सोलह महाजनपदों में बंटे भारत को एकजुट किया, विदेशी षड्यंत्रों का प्रभावी प्रतिकार किया और एक शक्तिशाली मौर्य साम्राज्य की स्थापना की। यह उनके असाधारण नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि चक्रवर्ती सम्राट चन्द्रगुप्त मौर्य केवल एक महान शासक नहीं थे, बल्कि ‘अखंड भारत’ की अवधारणा को साकार करने वाले युगपुरुष और राष्ट्रनिर्माता थे। उनका जीवन भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जो हमें एकता, शक्ति और आत्मगौरव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उप मुख्यमंत्री ने सम्राट चन्द्रगुप्त मौर्य की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।