चुनाव आयोग ने वोटों में गड़बड़ी के दावों को बताया भ्रामक, जारी किया फैक्ट-चेक
चुनाव आयोग का फैक्ट-चेक
नई दिल्ली: चुनाव आयोग (ईसीआई) ने बुधवार को सोशल मीडिया पर चल रहे उन दावों का फैक्ट-चेक प्रस्तुत किया, जिनमें 2024 के लोकसभा और विभिन्न विधानसभा चुनावों में डाले गए और गिने गए वोटों के बीच बड़े अंतर का आरोप लगाया गया था।
आयोग ने इन दावों को गलत बताया और स्थिति को स्पष्ट करने के लिए अपने आधिकारिक आंकड़े और सांख्यिकीय रिपोर्टें साझा की हैं। ये दावे मुख्य रूप से महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित थे।
आयोग के अनुसार, कई मामलों में सोशल मीडिया पर पोस्ट में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या को ही डाले गए वोटों के रूप में प्रस्तुत किया गया या अन्य आधिकारिक आंकड़ों की गलत व्याख्या की गई, जिससे रिकॉर्ड में मौजूद न होने वाले अंतर को दर्शाया गया।
उदाहरण के लिए, मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट पर दावा किया गया था कि यहां 18.11 लाख वोट डाले गए, जबकि केवल 10.33 लाख वोटों की गिनती हुई, जिससे 7.78 लाख वोटों के न गिनने का आरोप लगाया गया।
हालांकि, आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस सीट पर कुल 18,12,115 मतदाता थे, जिनमें से 10,36,496 ने मतदान किया, जिसमें 10,33,268 ईवीएम वोट और 3,228 डाक मतपत्र शामिल थे।
आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, 765 टेस्ट वोट और कंट्रोल यूनिट (सीयू) से प्राप्त न हो सकने वाले वोटों को अलग करने के बाद 10,35,731 वोटों की गिनती हुई। यहां मतदान प्रतिशत 57.20 फीसदी रहा।
आयोग ने स्पष्ट किया कि लगभग 7.75 लाख का अंतर उन मतदाताओं का है जिन्होंने मतदान नहीं किया, न कि ऐसे वोटों का जिनकी गिनती नहीं हुई।
जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट पर दावा किया गया था कि 6,66,046 वोट डाले गए, जबकि 6,72,942 वोटों की गिनती हुई, यानी 6,896 अतिरिक्त वोट गिने गए।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार यहां कुल 17,48,803 मतदाता थे और 6,76,408 वोट डाले गए, जिनमें 6,72,942 ईवीएम वोट और 3,466 डाक मतपत्र शामिल थे।
1,009 टेस्ट वोट और अन्य निर्धारित कटौतियों के बाद कुल 6,75,399 वोटों की गिनती हुई। यहां मतदान प्रतिशत 38.68 फीसदी रहा।
आयोग ने कहा कि किसी भी प्रकार के अतिरिक्त वोट नहीं गिने गए।
महाराष्ट्र की बीड विधानसभा सीट पर सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि 3.84 लाख वोट डाले गए, लेकिन केवल 2.39 लाख वोटों की गिनती हुई, जिससे 1.45 लाख वोटों के गायब होने का आरोप लगाया गया।
हालांकि रिकॉर्ड के अनुसार यहां कुल 3,84,885 मतदाता थे और 2,42,983 वोट डाले गए, जिनमें 2,38,845 ईवीएम वोट और 4,138 डाक मतपत्र शामिल थे। यही 2,42,983 वोट गिने भी गए। इस सीट पर मतदान प्रतिशत 63.13 फीसदी रहा। आयोग ने कहा कि लगभग 1.42 लाख का अंतर उन मतदाताओं का है, जिन्होंने वोट नहीं डाला।
हरियाणा की तोशम विधानसभा सीट पर दावा किया गया कि 2.21 लाख वोट डाले गए, लेकिन सिर्फ 1.60 लाख वोट गिने गए। आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार यहां 2,23,609 मतदाता थे, जबकि 1,61,872 वोट डाले गए। टेस्ट वोटों की मामूली कटौती के बाद 1,61,020 वोटों की गिनती हुई। मतदान प्रतिशत 72.39 फीसदी रहा। आयोग ने बताया कि यहां भी अंतर केवल उन मतदाताओं का है, जिन्होंने मतदान नहीं किया।
आयोग ने स्पष्ट किया कि जिन आंकड़ों को सोशल मीडिया पर 'डाले गए लेकिन नहीं गिने गए वोट' बताया जा रहा है, वे वास्तव में कुल पंजीकृत मतदाता या अन्य प्रशासनिक आंकड़े हैं।
आयोग ने दोहराया कि उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध सांख्यिकीय रिपोर्टों और इंडेक्स कार्डों में दर्ज आधिकारिक आंकड़े यह साफ दिखाते हैं कि जिस तरह की बड़े पैमाने की विसंगतियों का आरोप लगाया जा रहा है, उसके लिए कोई आधार नहीं है।