×

जींद में बाबा बंदा सिंह बहादुर के प्रकाशोत्सव पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन

जींद में बाबा बंदा सिंह बहादुर के प्रकाशोत्सव पर एक भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में साध संगत ने भक्ति की और गतखा पार्टियों ने करतब दिखाए। अर्जुन स्टेडियम में तीन दिवसीय वार्षिक दीवान का आयोजन हो रहा है, जिसमें धार्मिक और सामाजिक महत्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता भी शामिल हुए।
 

बाबा बंदा सिंह बहादुर का प्रकाशोत्सव


  • अर्जुन स्टेडियम में 79वां वार्षिक दीवान धूमधाम से मनाया जा रहा है


जींद। बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख संप्रदाय (भारत) रजि. के तत्वावधान में शनिवार को बाबा बंदा सिंह बहादुर के प्रकाशोत्सव पर एक भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। यह नगर कीर्तन अर्जुन स्टेडियम से प्रारंभ होकर कुंदन सिनेमा और महाराजा अग्रसेन स्कूल होते हुए शहर में निकला। इस दौरान साध संगत ने वाहेगुरू की जयकार की और नाम जप किया।


गतखा पार्टियों ने अपने करतब दिखाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उल्लेखनीय है कि अर्जुन स्टेडियम में तीन दिवसीय 79वां वार्षिक दीवान श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस वार्षिक दीवान के दूसरे दिन नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख संप्रदाय (भारत) रजि. के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शिव शंकर पाहवा ने बताया कि यह वार्षिक दीवान एक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम है, जिसमें उन महान शहीदों को याद किया जाता है जिन्होंने देश को स्वतंत्रता दिलाने में योगदान दिया।


कार्यक्रम में दसवें वंशज और वर्तमान गद्दीनशीन डेरा बाबा बंदा बहादुर रियासी (जम्मू कश्मीर) बाबा जतिंद्रपाल सिंह सोढी का सानिध्य प्राप्त हुआ। 15 नवंबर को मध्य की अरदास, कीर्तन और प्रवचन में कथा वायक भाई हरजीत सिंह हरमन शाहबाद वालों ने गुरु की महिमा का बखान किया। रात्रि आठ से दस बजे तक लाइट, साइट और साउंड कार्यक्रम का आयोजन होगा।


गुरुओं की शिक्षाओं का पालन

गुरुओं की शिक्षाओं पर अमल करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलना चाहिए : गगनदीप


बाबा बंदा बहादुर के प्रकाश उत्सव पर गगनदीप सिंह अरोड़ा ने कहा कि हमें अपने गुरुओं की शिक्षाओं का पालन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलकर देश और धर्म का विकास करना चाहिए। गुरु तेग बहादुर साहिब ने देश और धर्म की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया, और उसी बलिदान के कारण आज हम मंदिरों और गुरुद्वारों में भक्ति कर पा रहे हैं।


श्री अखंड साहिब पाठ का भोग

16 नवंबर को डाला जाएगा श्री अखंड साहिब पाठ का भोग


श्री अखंड पाठ साहिब का भोग 16 नवंबर को डाला जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल, सीएम नायब सैनी, डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, कैबिनेट मंत्री दिल्ली सरकार मनजिंद्र सिंह, हांसी विधायक विनोद भ्याणा और बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह को निमंत्रण दिया गया है।