ताइवान के स्थानीय चुनावों में डीपीपी ने स्वीकार की हार, लेकिन 10 क्षेत्रों में जीती
ताइवान के चुनाव परिणाम
ताइवान की सत्ताधारी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (डीपीपी) ने शनिवार को ताइपे के मेयर पद के चुनाव में अपनी हार को स्वीकार किया, लेकिन द्वीप के 22 शहरों और काउंटी में से 10 में जीत का दावा किया। इन स्थानीय चुनावों पर चीन की नजर बनी रही। ताइवान की राजधानी ताइपे में परंपरागत रूप से विपक्षी नेशनलिस्ट पार्टी का वर्चस्व रहा है, और यह सिलसिला इस बार भी जारी रहा।
इस पार्टी को कुओमिनतांग या केएमटी के नाम से भी जाना जाता है, जो चीन के साथ घनिष्ठ संबंधों की समर्थक है। चीन सरकार ताइवान को अपना हिस्सा मानती है और उसे अपने में मिलाने के लिए बल प्रयोग की संभावना से भी इनकार नहीं करती।
सेंट्रल न्यूज एजेंसी के अनुसार, केएमटी ने न्यू ताइपे शहर पर भी अपना नियंत्रण बनाए रखा। शनिवार को हुए चुनाव में पार्टी ने कुल 11 शहरों और काउंटी में जीत हासिल की। हालांकि, सभी मतों की गिनती अभी पूरी नहीं हुई है, लेकिन उम्मीदवारों की जीत की घोषणा करने के लिए पर्याप्त मतों की गिनती हो चुकी है।
चुनाव में एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भी एक काउंटी सीट पर जीत दर्ज की। ताइपे स्थित नेशनल ताइवान यूनिवर्सिटी के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर चेन शिहमिन ने कहा कि कुल मिलाकर ये नतीजे डीपीपी के लिए मामूली जीत हैं। चेन ने कहा, 'यह नतीजा डीपीपी को 2028 में एक और कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ने के दौरान (राष्ट्रपति) लाई चिंग-ते का एकजुट होकर समर्थन करने में सक्षम बनाएगा।'