थाईलैंड में ‘अमेजिंग थाईलैंड ग्रैंड दिवाली फेस्टिवल 2026’ का उद्घाटन
दिवाली महोत्सव का भव्य उद्घाटन
सिंगापुर, 8 नवंबर: थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने रविवार को बैंकॉक में ‘अमेजिंग थाईलैंड ग्रैंड दिवाली फेस्टिवल 2026’ का उद्घाटन किया। यह उत्सव एक महीने तक चलेगा, जिसमें भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, जिससे दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस महोत्सव के उद्घाटन की जानकारी साझा की, जिसमें थाईलैंड में भारतीय राजदूत पुनीत अग्रवाल, पर्यटन और खेल मंत्री सुरासक फनचारोएनवोराकुल, बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिटिपंट और थाईलैंड पर्यटन प्राधिकरण की गवर्नर थापानी कियातफाइबूल शामिल थे।
भारतीय दूतावास के अनुसार, यह दिवाली का सबसे लंबा उत्सव है, जो नवंबर में 27 दिनों तक पूरे थाईलैंड में मनाया जाएगा। इस दौरान एक भारतीय सांस्कृतिक दल ने शास्त्रीय नृत्य ‘कुचिपुड़ी’ की प्रस्तुति दी। यह महोत्सव भारतीय दूतावास, थाईलैंड पर्यटन प्राधिकरण, बैंकॉक महानगर प्रशासन और भारतीय प्रवासी संघों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
दूतावास ने बताया कि यह उत्सव विभिन्न धर्मों और पृष्ठभूमियों के लोगों को भारत की सांस्कृतिक विविधता का अनुभव करने का अवसर प्रदान करता है। इसके साथ ही, यह आयोजन भारत और थाईलैंड के बीच बढ़ते सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों को भी दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने उद्घाटन समारोह में कहा कि दिवाली का प्रकाश अंधकार को दूर करता है, बुराई पर अच्छाई की विजय होती है, और आशा एवं ज्ञान लोगों को आगे बढ़ने में मदद करते हैं, जो एक सार्वभौमिक संदेश है।