दिल्ली में राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम का उद्घाटन
सीएम रेखा गुप्ता का उद्घाटन समारोह
राष्ट्रीय युवा दिवस पर सीएम रेखा गुप्ता ने किरोड़ीमल कॉलेज में ‘स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम’ का उद्घाटन किया।
सीएम ने किरोड़ीमल कॉलेज के पास स्थित मंदिर में ‘सोमनाथ’ का जलाभिषेक किया, सभी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किरोड़ीमल कॉलेज परिसर में स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस मौके पर, उन्होंने कॉलेज कैंटीन लॉन में स्वामी विवेकानंद जी की मूर्ति का अनावरण भी किया और लॉन का नामकरण स्वामी विवेकानंद कॉम्प्लेक्स के रूप में किया। यह कदम स्वामी विवेकानंद की विरासत को संरक्षित करने और सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
मूर्ति के अनावरण के बाद, मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद किया और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन और दर्शन आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। स्वामी विवेकानंद कॉम्प्लेक्स विद्यार्थियों के बौद्धिक, सांस्कृतिक और नेतृत्व विकास को सशक्त मंच प्रदान करेगा।
सीएम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की विचारधारा और शिक्षाएं आज भी युवाओं को राष्ट्र की प्रगति और समाज की भलाई के लिए समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वामी विवेकानंद के संदेश- ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ को अपने जीवन का सिद्धांत बनाएं। उन्होंने कहा कि भारत आज अमृतकाल के महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुका है। ऐसे में 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा शक्ति की भूमिका सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं की रचनात्मकता, नवाचार और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ पर जलाभिषेक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को किरोड़ीमल कॉलेज स्थित पावन हनुमान मंदिर परिसर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर, उन्होंने देश की सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज पूरा भारत ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मना रहा है। यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय विरासत की उस हजार वर्षों से चली आ रही अविचल यात्रा का स्मरण है। यह हमारी अटूट श्रद्धा, सांस्कृतिक पुनरुत्थान और सनातन चेतना की जीवंत गौरवगाथा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का पुनरुद्धार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ संकल्प का प्रतीक रहा है। आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में वही विरासत दोबारा अपनी भव्यता और गौरव के साथ नई ऊंचाइयों को छू रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में अपनी गौरवशाली विरासत के प्रति बढ़ता प्रेम और गर्व यह विश्वास सुदृढ़ करता है कि भारत अपने सांस्कृतिक वैभव के साथ दोबारा विश्व पटल पर गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त कर रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशवासियों के सुख, समृद्धि और सांस्कृतिक उत्थान की कामना भी की।