दीया कुमारी ने राहुल गांधी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी
राहुल गांधी के बयान पर दीया कुमारी की तीखी प्रतिक्रिया
जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की विदेश में लोकतंत्र पर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने राहुल के बयान को अत्यंत गलत और देश का गंभीर अपमान करार दिया। दीया कुमारी ने कहा कि विदेश जाकर अपने देश की आलोचना करना सबसे बड़ा अपमान है।
कुछ दिन पहले, कोलंबिया के ईआईए विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान, राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोकतंत्र पर हमले की है। उन्होंने कहा कि भारत में इंजीनियरिंग और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में मजबूत क्षमताएं हैं, जिससे वह देश के भविष्य के प्रति आशावादी हैं। लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि देश के ढांचे में कुछ खामियां हैं, जिन्हें सुधारने की आवश्यकता है। राहुल गांधी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हो रहे हमले एक बड़ा खतरा हैं। उन्होंने भारत की विविधता और विभिन्न धर्मों के बीच संवाद की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसी बयान पर दीया कुमारी ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और इसे देश का सबसे बड़ा अपमान बताया।