दुष्यंत चौटाला ने पुलिस के खिलाफ उठाई आवाज, कहा- हम डरने वाले नहीं
हरियाणा में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
चंडीगढ़- हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में बिगड़ते हालातों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने के कारण जननायक जनता पार्टी के नेताओं को पुलिस के माध्यम से डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।
दुष्यंत चौटाला ने बताया कि हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में छात्र संगठन इनसो के प्रदर्शन के दौरान दो गमले टूटने के आरोप में सीआईए पुलिस ने रातों-रात हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान किया। जब हमारे नेता और कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने के लिए पुलिस के पास गए, तो उन्हें धमकाया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस हमारी लिखित शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय आरोपी पुलिसकर्मियों का बचाव कर रही है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चौटाला ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एनआईटी कुरुक्षेत्र में छात्रों के आत्महत्या के मामलों और विभिन्न विश्वविद्यालयों में भर्तियों में धांधली जैसे गंभीर मुद्दों को जेजेपी-इनसो उठा रही है। उन्होंने कहा कि हिसार में प्रदर्शन के बाद विद्यार्थियों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन इसके बावजूद दो गमले टूटने के आरोप में आठ नेताओं पर एफआईआर दर्ज की गई।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस की 13 टीमें रात में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं और छह कार्यकर्ताओं को उठाया गया, जिनका नाम एफआईआर में नहीं था। जब नामजद नेता शांतिपूर्ण तरीके से सरेंडर करने गए, तो उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया। इसके बाद अज्ञात नंबर की गाड़ियों ने उनका पीछा किया और धमकी दी।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हिसार पुलिस आरोपी पुलिस वालों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस वाले ऑफ ड्यूटी थे, तो उन्होंने काफिले को क्यों रोका? वीडियो फुटेज में उनके पास हथियार दिख रहे हैं। चौटाला ने कहा कि पुलिस लगातार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज डिलीट करवा रही है।
उन्होंने गृह विभाग के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मांग की कि आरोपी पुलिस वालों का बचाव कर रहे हिसार एसपी का तबादला किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो जेजेपी कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पुलिस के नाम पर गुंडागर्दी हो रही है, और यह सब उनके फर्जी गाड़ी नंबर और पुलिस के बयानों से स्पष्ट होता है।
जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदर्शन का नेतृत्व करने के बावजूद उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया, जो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इनसो के कार्यक्रमों में बाधा डाल रही है।