नितिन नबीन की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति से भाजपा को मिलेगी नई ऊर्जा
नितिन नबीन का स्वागत
बठिंडा- भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के अनुभवी मार्गदर्शक और सक्रिय संगठनकर्ता नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता और नॉर्थ इंडिया बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट नवीन सिंगला ने दिल्ली जाकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान, एडवोकेट सिंगला ने नितिन नबीन को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
एडवोकेट नवीन सिंगला ने कहा कि नितिन नबीन एक जमीनी नेता हैं, जिन्होंने संगठन में रहकर युवाओं को मार्गदर्शन देने का कार्य किया है। उनका नेतृत्व अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद भाजपा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नितिन नबीन के कुशल मार्गदर्शन में पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा, जिससे भाजपा का संगठनात्मक विस्तार देशभर में तेजी से होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पंजाब में भाजपा का परचम लहराएगा और पार्टी विकास, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के मुद्दों पर मजबूती से आगे बढ़ेगी। इस नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।