नीतीश कुमार और नितिन नबीन ने दिया इस्तीफा, राज्यसभा में चुने गए
मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष का इस्तीफा
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया है, जबकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बिहार विधानसभा से अपना इस्तीफा प्रस्तुत किया है। दोनों नेताओं को राज्यसभा के लिए चुना गया है। संवैधानिक नियमों के अनुसार, इस्तीफा देने की अंतिम तिथि पर दोनों ने यह कदम उठाया। नीतीश कुमार का इस्तीफा विजय चौधरी और एमएलसी संजय गांधी लेकर विधान परिषद पहुंचे, जबकि नितिन नबीन का इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा।
जदयू के नेता और बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी ने कहा, 'मुख्यमंत्री जी राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं। यह संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है। आज उन्हें इस्तीफा देना था। उनका इस्तीफा एमएलसी संजय गांधी ने विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंप दिया है।' नीतीश कुमार के इस्तीफे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि 'बीजेपी ने मुख्यमंत्री पर दबाव डालकर इस्तीफा दिलवाया है।'
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का इस्तीफा बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सौंपा। नितिन नबीन ने रविवार को असम जाने से पहले अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को दिया था। सोमवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे नीतीश का इस्तीफा विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को और नितिन नबीन का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंपा गया।