नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने जद (यू) में ली सदस्यता, उपमुख्यमंत्री बनने की अटकलें
निशांत कुमार का जद (यू) में शामिल होना
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल होने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी संगठन को सशक्त बनाने के लिए प्रयास करेंगे। इंजीनियरिंग में स्नातक निशांत को पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में जद (यू) में शामिल किया गया।
पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत ने कहा, “मेरे पिता ने राज्यसभा सदस्य बनने का निर्णय लिया है, यह उनका व्यक्तिगत विकल्प है। हम सभी इसका सम्मान करते हैं और उनके मार्गदर्शन में कार्य करते रहेंगे। मैं संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
निशांत ने यह भी कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार, जो बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं, ने पिछले 20 वर्षों में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य की जनता कभी भी नीतीश के योगदान को नहीं भूलेगी।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। मेरे पिता के योगदान पर मुझे गर्व है। मैं मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा।’’
जद (यू) कार्यालय में उनके आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। पार्टी कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए और पार्टी का झंडा लहराते हुए ढोल बजाते नजर आए।
इस बीच, यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि निशांत को नई सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। नीतीश कुमार के एक करीबी सहयोगी ने शनिवार को कहा कि यह सर्वसम्मति से तय किया गया है कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद नई सरकार में निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र बृहस्पतिवार को दाखिल किया। हरनौत से जद (यू) के विधायक हरि नारायण सिंह ने कहा कि निशांत को अगले महीने राज्य विधान परिषद का सदस्य चुना जाएगा।
जद (यू) की सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत ने पटना के महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की और पटना उच्च न्यायालय के पास स्थित एक मजार भी गए।
निशांत ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ईश्वर, अल्लाह और वाहेगुरु, सब एक ही हैं। मेरे पिता ने अपनी नीतियों में सभी धर्मों का ध्यान रखा। मैं भी ऐसा ही करने का प्रयास करूंगा।’’
उन्होंने पटना के 1 अणे मार्ग स्थित अपने पिता के आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात की और राज्य की राजधानी में समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
केंद्रीय मंत्री और जद (यू) के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने कहा, ‘‘निशांत को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जद (यू) में उनके औपचारिक रूप से शामिल होने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।’’ कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह ने निशांत की जद (यू) में सदस्यता का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।