पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष ने बीबीएमबी चेयरमैन से की महत्वपूर्ण बैठक
दुकानदारों और कर्मचारियों के मुद्दों पर चर्चा
- नई लीज नीति के तहत दुकानदारों को मालिकाना हक देने की मांग, 300 कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने का मुद्दा भी उठाया गया
नंगल - पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के चेयरमैन से मुलाकात की, जिसमें दुकानदारों और कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। डा. शर्मा ने बताया कि इस बैठक में दुकानदारों की लीज, कच्चे कर्मचारियों का नियमितीकरण, कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और कर्मचारियों के स्थानांतरण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
उन्होंने चेयरमैन से अनुरोध किया कि नई लीज नीति के तहत बीबीएमबी की दुकानों पर लंबे समय से व्यापार कर रहे दुकानदारों को मालिकाना हक दिया जाए। चेयरमैन ने इस मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि आगामी बोर्ड बैठक में इस पर प्रस्ताव लाया जाएगा। पहले भी ऐसा प्रस्ताव पेश किया गया था, लेकिन पंजाब सरकार की आपत्तियों के कारण वह पारित नहीं हो सका था।
डा. शर्मा ने यह भी बताया कि बीबीएमबी में 10 वर्ष से अधिक सेवा पूरी कर चुके लगभग 300 कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके साथ ही 9 से 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों के भविष्य पर विचार करने की मांग की गई। इस पर भी चेयरमैन ने सकारात्मक रुख अपनाया।
बैठक के दौरान कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शामिल करने की मांग भी की गई। इसके अलावा, जिन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति में छह माह या उससे कम समय बचा है, उन्हें अन्य राज्यों में स्थानांतरित नहीं करने का आग्रह किया गया। डा. शर्मा ने कहा कि लंबे सेवाकाल के कारण कई कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर स्थायी रूप से बस चुके हैं, इसलिए सेवानिवृत्ति के करीब उन्हें स्थानांतरित करना उचित नहीं होगा।
डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि चेयरमैन ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्हें उम्मीद है कि दुकानदारों, कच्चे कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों को जल्द राहत मिलेगी।