पंजाब में तानाशाही का माहौल, यूथ कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल
पंजाब में लोकतंत्र की कमी
सवाल पूछने वालों पर लाठियां, वादों पर चुप्पी और कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल
बिट्टू पर हमले को लेकर बोले- आज की जनता विश्वासघाती नेताओं को जवाब देना जानती है
पंजाब के अधूरे वादों से लेकर बढ़ते नशे और गैंगस्टरवाद तक, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने मान सरकार को घेरा
जालंधर: पंजाब प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम देवगन ने आम आदमी पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पंजाब में लोकतंत्र की जगह तानाशाही का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बदलाव का दावा करने वाली सरकार आज सवाल पूछने वाले युवाओं और आम लोगों की आवाज़ को दबाने में लगी है, जबकि कानून-व्यवस्था और नशे जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है।
शुभम ने कहा कि संगरूर समेत कई स्थानों पर शांतिपूर्ण विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस दबाव बना रही है और उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के मुद्दों का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज़ को कुचलने में जुटी है।
सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के साथ हाल ही में हुए वाक्य पर टिप्पणी करते हुए शुभम ने कहा कि किसी भी नेता के साथ इस तरह का व्यवहार या हिंसा राजनीति में उचित नहीं है, लेकिन जब नेता जनता के वादों से मुकरते हैं, तो लोगों का गुस्सा इस रूप में सामने आता है। उन्होंने कहा कि आज जनता को हर उस नेता का जवाब देना आता है जिसने उनके साथ विश्वासघात किया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराध और नशे की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उनका आरोप है कि सरकार का ध्यान इन मूल मुद्दों के समाधान के बजाय छवि निर्माण पर अधिक है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह क्षेत्र धूरी के वादों पर निशाना साधते हुए शुभम ने कहा कि बंद पड़ी शुगर मिल और मस्तुआना मेडिकल कॉलेज जैसे वादे आज भी अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का स्वास्थ्य और शिक्षा मॉडल केवल प्रचार तक सीमित है।
कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराध और नशे ने हालात गंभीर बना दिए हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए सीधे जनता के बीच जाकर जन-आधारित घोषणापत्र तैयार करेगी, जिसमें युवाओं के रोजगार, छोटे कारोबारियों को राहत और आम परिवारों की आर्थिक मजबूती को प्राथमिकता दी जाएगी।
कांग्रेस के अंदरूनी अनुशासन और वरिष्ठ नेताओं के दौरों पर बात करते हुए यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। पार्टी सम्मेलनों में जुट रही भीड़ इस बात का सबूत है कि पंजाब का युवा अब विकल्प के तौर पर दोबारा कांग्रेस की ओर देख रहा है। उन्होंने अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि संगठन में किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर यूथ नेता कमल धालीवाल, जालंधर के अध्यक्ष अंगद दत्ता, कपूरथला अध्यक्ष अगम पराशर, यूथ नेता रणदीप सिंह संधू लक्की, हनी जोशी और अन्य मौजूद थे।