×

पंजाब यूथ कांग्रेस ने शुरू की हर घर झंडा मुहिम

पंजाब यूथ कांग्रेस ने फतेहगढ़ साहिब में 'हर घर झंडा, हर घर पंजा' मुहिम के तहत एक मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया। अध्यक्ष शुवम शुभी ने सरकार की विफलताओं और भ्रष्टाचार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के अधिकारों को नजरअंदाज कर रही है और बेरोजगारी की समस्या बढ़ रही है। इस रैली में कई प्रमुख नेता भी शामिल हुए।
 

फतेहगढ़ साहिब में मोटरसाइकिल रैली का आयोजन

चंड़ीगढ़/फतेहगढ़ साहिब - पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुवम शर्मा शुभी ने मिशन-2027 के तहत 'हर घर झंडा, हर घर पंजा' मुहिम को आगे बढ़ाते हुए आज फतेहगढ़ साहिब में युवाओं के साथ मिलकर एक मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया। इस रैली का उद्देश्य हर घर में पार्टी का झंडा पहुंचाना था। रैली का नेतृत्व जिला प्रधान अमरजीत सिंह भंगू ने किया।


रैली के दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए शुवम शुभी ने कहा कि पंजाब सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा किया था, लेकिन पार्टी के भीतर ही भ्रष्टाचार को रोकने में नाकाम रही है। इसके परिणामस्वरूप, सरकार के मंत्रियों और नेताओं के रिश्तेदारों पर ईडी की छापेमारी हो रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को अपने ही पार्टी के भ्रष्टाचारियों पर ध्यान देना चाहिए।


शुभी ने यह भी कहा कि सरकार कर्मचारियों को उनके अधिकार नहीं दे पा रही है, जिसके चलते पंजाब के कई कर्मचारी सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं। बेरोजगारी और नशे की समस्या भी तेजी से बढ़ रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है और गैंगस्टरवाद पर नियंत्रण नहीं पाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।


इस अवसर पर पूर्व विधायक कुलजीत सिंह नागरा और काका रणदीप सिंह नाभा भी उपस्थित थे। इसके अलावा हलका प्रधान भगवान ग्रेवाल, हलका प्रधान जगदीप मान, कुलमन नागरा, मास्टर रविंदर, प्रदेश सचिव जस्सी तलवाड़ा, डॉ. सुखजोत और लवप्रीत सिंह भी मौजूद रहे।