पंजाब सरकार की पहल: डाक्यूमेंट्री वैनों के जरिए गुरु रविदास जी का संदेश फैलाना
गुरु रविदास जी के प्रकाश पर्व पर डाक्यूमेंट्री कार्यक्रम
जालंधर - पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में एक डाक्यूमेंट्री कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न गांवों में गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं।
इस पहल के अंतर्गत, बीती रात डाक्यूमेंट्री वैन करतारपुर के गांव नौगजा, मंड मौड़, सब डिवीजन आदमपुर के गांव नजका व ढींगरियां और सब डिवीजन नकोदर के गांव बोपाराय कलां में पहुंची। यहां वैन पर लगी एल.ई.डी. स्क्रीन के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने यह दस्तावेजी फिल्म देखी और गुरु जी के समानता, प्रभु भक्ति और सर्व साझीवालता के संदेश से प्रेरित हुए।
इस दस्तावेजी फिल्म में गुरु रविदास जी के जीवन, सामाजिक सुधारों में उनके योगदान, मानवीय मूल्यों को अपनाने के संदेश, सामाजिक बराबरी, विश्व भाईचारे, सेवा और मेहनत के संदेश को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
गांव के निवासियों ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना की, जो गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं और उपदेशों को आम जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस विशेष दस्तावेजी फिल्म के माध्यम से गुरु रविदास जी के समानता और भाईचारे के संदेश को हर घर तक पहुंचाया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी सद्भावना, एकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह उल्लेखनीय है कि पूरे राज्य के गांवों में चल रही यह डाक्यूमेंट्री वैनें पंजाब सरकार द्वारा गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के समर्पित साल भर चलने वाले समारोहों का हिस्सा हैं।