पश्चिम बंगाल चुनाव: शुरुआती रूझान में भाजपा को मिली बढ़त
टीएमसी दूसरे स्थान पर, क्या इस बार बंगाल में सच में होगा बदलाव
कोलकाता: आज देश के पांच राज्यों में नई सरकारों का चुनावी परिणाम स्पष्ट होने जा रहा है। हाल ही में पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में हुए मतदान के बाद आज सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। इन सभी राज्यों में चुनाव महत्वपूर्ण हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल पर सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित है। ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी फिर से सत्ता में आने का दावा कर रही है, जबकि भाजपा ने बदलाव का आश्वासन दिया है। भाजपा का कहना है कि इस बार बंगाल की जनता ने रिकॉर्ड वोटिंग के साथ बदलाव का संकेत दिया है।
शुरुआती रूझान भाजपा के पक्ष में जा रहे
सुबह साढ़े आठ बजे तक पश्चिम बंगाल में 107 सीटों के शुरुआती रूझान सामने आए हैं, जिनमें भाजपा 64 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि टीएमसी केवल 43 सीटों पर आगे है। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी का माहौल है, और सभी का मानना है कि भाजपा इस बार रिकॉर्ड सीटें जीतकर सत्ता में आएगी। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के पास 77 सीटें थीं, जबकि टीएमसी ने 215 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी का बयान
कल पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, मतगणना एजेंट और पर्यवेक्षक सभी तैयार हैं और उन्हें प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मतगणना केंद्रों पर सीएपीएफ की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। सभी जगह एक समान व्यवस्था है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं है।