पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: पहले चरण का मतदान जारी, पीएम मोदी ने तृणमूल पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल में मतदान का पहला चरण
पश्चिम बंगाल चुनाव: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान आज जारी है। इस चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है। मतदान के लिए 44,000 से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 7,384 को अति संवेदनशील माना गया है। इस चरण में लगभग 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल 44,376 मतदान केंद्रों में लगभग 3,000 सहायक केंद्र भी शामिल हैं। विशेष रूप से, 5,444 केंद्र पूरी तरह से महिला कर्मियों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, और 207 केंद्रों को मॉडल बूथ के रूप में विकसित किया गया है। इस चरण में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। पहले चरण के बाद, दूसरे चरण का मतदान अगले बुधवार को होगा। पहले चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
पीएम मोदी का तृणमूल कांग्रेस पर हमला
इस बीच, दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया। अपने भाषण में, पीएम मोदी ने राज्य की नीतियों, चुनावी माहौल और हालिया विवादों पर सवाल उठाए।
झालमुड़ी पर सियासी चुटकी
प्रधानमंत्री ने हाल ही में पश्चिम बंगाल में झालमुड़ी खाने को लेकर उठे विवाद पर चुटकी लेते हुए कहा, “मैंने झालमुड़ी खाई है, लेकिन मिर्ची टीएमसी को लग रही है।” दरअसल, ममता बनर्जी ने पहले पीएम पर आरोप लगाया था कि यह एक “ड्रामा” था और इसे प्रचार के लिए किया गया। उन्होंने कहा था कि दुकान में पहले से तैयारी की गई थी और कैमरे लगाए गए थे।
4 मई को जश्न का दावा
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि 4 मई को राज्य में बीजेपी की जीत का जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उस दिन “मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी।” इसे बीजेपी की संभावित जीत के आत्मविश्वास के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने चुनावी हिंसा के मुद्दे पर भी बात की और कहा कि पिछले 50 वर्षों में यह पहला मौका है जब पश्चिम बंगाल में अपेक्षाकृत कम हिंसा देखने को मिली है। उन्होंने इसके लिए चुनाव आयोग की सराहना की। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पहले चरण के मतदान में भाग लेने वाले मतदाताओं का आभार जताया और लोगों से अपील की कि इस बार मतदान का नया रिकॉर्ड बनाया जाए। रैली में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और प्रधानमंत्री ने एक बार फिर राज्य में सत्ता परिवर्तन का भरोसा जताया।