पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के पूर्व राष्ट्रपति राजा मोहम्मद जुलकरनैन खान का निधन
राजा मोहम्मद जुलकरनैन खान का निधन
(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 8 नवंबर: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के पूर्व 'राष्ट्रपति' राजा मोहम्मद जुलकरनैन खान का निधन संक्षिप्त बीमारी के बाद हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 93 वर्षीय जुलकरनैन ने शनिवार को इस्लामाबाद के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।
पीओके के अधिकारियों ने रविवार को एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया। उन्होंने बताया कि जुलकरनैन का जनाजा रविवार सुबह 11 बजे नमाज के बाद उनके पैतृक कस्बे कासगुमा, भीमबर जिले में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अदा किया जाएगा। जुलकरनैन का जन्म 15 मार्च 1933 को हुआ था।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्रीनगर और दिल्ली में प्राप्त की। 13 वर्ष की आयु में, उन्होंने पाकिस्तान के मुरी स्थित लॉरेंस कॉलेज में दाखिला लिया, जहां उनके सहपाठियों में पूर्व प्रधानमंत्री जफरुल्लाह जमाली और बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार अकबर बुगती शामिल थे।
जुलकरनैन ने 1960-61 में पीओके के पूर्व 'राष्ट्रपति' के. एच. खुर्शीद के सहयोगी के रूप में राजनीति में कदम रखा। पीओके की विधानसभा के अध्यक्ष चौधरी तारिक फारूक ने जुलकरनैन के निधन को पीओके के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति बताया। इसके अलावा, पूर्व 'प्रीमियर' सरदार तनवीर इलियास ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।