पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में चुनाव: पीएमएल-एन ने 9 सीटों पर किया कब्जा
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में चुनाव परिणाम
(एम. जुल्करनैन) इस्लामाबाद, 28 जुलाई: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में पहले चरण के चुनाव में सेना समर्थित पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने 13 में से 9 सीटों पर विजय प्राप्त की है। यह जानकारी निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को दी। सोमवार को हुए मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप सामने आए।
बाकी चार सीटों पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने जीत हासिल की। दोनों राजनीतिक दल केंद्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी हैं। पीओके की विधानसभा की 45 सीटों के लिए चुनाव 27 जुलाई से 10 अगस्त के बीच तीन चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं।
भारत का स्पष्ट कहना है कि जम्मू-कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख उसके अभिन्न हिस्से हैं। नई दिल्ली का दावा है कि इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है। निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार को जारी प्रारंभिक परिणामों के अनुसार, नवाज शरीफ और शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली पीएमएल-एन ने नौ निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की, जबकि भुट्टो परिवार के नेतृत्व वाली पीपीपी ने चार सीटें जीतीं।
पीपीपी के वरिष्ठ नेता नैयर बुखारी ने सात सीटों पर धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी जीती हुई सीटें पीएमएल-एन को दे दी गई हैं। पीपीपी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मांग की कि जिन निर्वाचन क्षेत्रों में धांधली के आरोप लगे हैं, वहां जांच पूरी होने तक निर्वाचन आयोग परिणामों की घोषणा न करे। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने धांधली के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुए।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल एक निर्वाचन क्षेत्र में हिंसा की घटना हुई।