पाकिस्तान में इमरान खान की बहनों की गिरफ्तारी, विरोध प्रदर्शन की तैयारी
इमरान खान की बहनों की गिरफ्तारी
(सज्जाद हुसैन) इस्लामाबाद, 21 सितंबर: पाकिस्तान पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई के लिए उनकी पार्टी, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) द्वारा आयोजित किए जाने वाले विरोध जुलूस से पहले, सोमवार को उनकी दो बहनों को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के अध्यादेश (एमपीओ) के तहत 30 दिनों के लिए की गई। इससे पहले, पुलिस ने इमरान खान की एक अन्य बहन, अलीमा खान को भी इसी कानून के तहत हिरासत में लेकर कोट लखपत जेल भेज दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को डॉ. उजमा खान और नूरीन नियाजी को उनके भांजों के साथ एमपीओ के तहत हिरासत में लिया गया।
अधिकारी के अनुसार, उन्हें भी कोट लखपत जेल में स्थानांतरित किया गया है, जहां अलीमा को पहले ही भेजा गया था। ये गिरफ्तारियां 27 सितंबर को इस्लामाबाद में इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर पीटीआई द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों से पहले हुई हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने सोमवार को इमरान की पार्टी को सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करने से रोकने की चेतावनी दी।
नकवी ने कहा, "हमने पीटीआई को स्पष्ट रूप से बता दिया है कि वे इस तरह की नौटंकी से कुछ हासिल नहीं कर सकते। मैं फिर से कहूंगा कि अब भी समय है, उन्हें इस स्थिति में नहीं पड़ना चाहिए।" उन्होंने पार्टी को सलाह दी कि उन्हें ऐसे रास्ते पर नहीं जाना चाहिए जिसका कोई अंत न हो।
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि पीटीआई को इस्लामाबाद में दस दिनों के लिए शहर बंद करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसकी कोई संभावना नहीं है।