पाकिस्तान में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में 24 चरमपंथी मारे गए
पाकिस्तान में मुठभेड़ की घटनाएँ
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में कम से कम 24 चरमपंथियों के साथ-साथ एक अधिकारी और चार सैनिक भी मारे गए। यह जानकारी शनिवार को पाकिस्तानी सेना ने साझा की। सेना ने बताया कि बलूचिस्तान में कोलपुर, करदगाप और नुश्की के क्षेत्रों में शुक्रवार से कई खुफिया सूचना आधारित अभियान (आईबीओ) चलाए गए।
सेना ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार की रात कोलपुर क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने “फितना अल हिंदुस्तान” के आठ आतंकवादियों को मार गिराया, जिनमें एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था। इस ऑपरेशन के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया। आतंकवादियों ने गश्त कर रहे सैन्य वाहनों को हथियारबंद ‘क्वाडकॉप्टर’ से निशाना बनाया, जिससे मेजर उमर मिन्हास नासिर और हवलदार मुहम्मद अदनान खान की जान चली गई।
इसके अलावा, खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान जिले में मीर अली, दत्ता खेल और आसपास के क्षेत्रों में कई ‘खवारिज’ ठिकानों को निशाना बनाया।